October 30, 2026


लखोली मुक्तिधाम में गौशाला पिंजरा पोल और चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने चलाया वृहद वृक्षारोपण अभियान रोपे 100 से अधिक पौधे

राजनांदगांव :- पर्यावरण संरक्षण तथा शहर को प्रदूषण मुक्त एवं हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से नगर निगम के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भी आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में लखोली मुक्तिधाम में गौशाला पिंजरा पोल एवं छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वाधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर श्री मधुसूदन यादव सहित शहर के अनेक जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने पौधरोपण किया।

वृक्षारोपण अभियान के दौरान मुक्तिधाम परिसर में नीम, पीपल, बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे लगाए गए। इस अवसर पर महापौर के साथ गौशाला पिंजरा पोल के अध्यक्ष श्री खूबचंद पारख, विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष अग्रवाल, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री सचिन बघेल, पूर्व मंडी उपाध्यक्ष श्री कोमल सिंह राजपूत, उद्योगपति श्री दामोदरदास मुंदड़ा, स्टेडियम समिति के सचिव श्री रमेश पटेल, निगम अध्यक्ष श्री टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, नेता प्रतिपक्ष श्री संतोष पिल्ले, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री कमलेश बैद, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विनोद लड्ढा, प्रदेश मंत्री श्री तरुण लहरवानी, उपाध्यक्ष श्री ज्ञानचंद बाफना व श्री भीमन धनवानी सहित महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य, पार्षदगण तथा व्यापारी संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।

पौधरोपण के बाद महापौर श्री मधुसूदन यादव ने कहा कि हमारा संकल्प केवल शहर के अधोसंरचनात्मक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनांदगांव को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाना भी हमारी मुख्य प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही हम शहर में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण कर सकते हैं। गौशाला पिंजरा पोल द्वारा संचालित यह मुक्तिधाम पूरे प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। महापौर ने आह्वान किया कि हम सभी केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें विशाल वृक्ष बनते तक उनकी देखरेख करने का संकल्प लें।

गौशाला पिंजरा पोल के अध्यक्ष श्री खूबचंद पारख ने कहा कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स और गौशाला पिंजरा पोल का यह संयुक्त प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी और सफल रहा। इस पुनीत कार्य में सभी सदस्यों और समाजसेवियों का उत्साह और समर्पण देखकर मन अभिभूत है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों में आम जनता और व्यापारियों का सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों व नागरिकों का आभार व्यक्त किया।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch