October 30, 2026


महापौर परिषद की बैठक में विकास कार्यों को मिली मंजूरी : रोड नाली विद्युतीकरण व पाइपलाइन विस्तार पर फैसला

राजनांदगांव। नगर निगम स्थित महापौर कक्ष में महापौर श्री मधुसूदन यादव की अध्यक्षता में महापौर परिषद (एमआईसी) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर गहन चर्चा के बाद मुहर लगाई गई। इनमें सड़कों, नालियों के निर्माण, विद्युतीकरण, पाइपलाइन विस्तार तथा निगम स्वामित्व की दुकानों के नवीन प्रीमियम दरों का अनुमोदन शामिल है।

अधोसंरचना व विकास कार्यों को गति

महापौर श्री मधुसूदन यादव ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि 15वें वित्त आयोग के तहत विभिन्न वार्डों में विद्युतीकरण, सड़क, नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग कार्यों को मंजूरी दी गई है। अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत लखोली-कन्हारपुरी से मोहारा बाईपास तक ₹208.32 लाख तथा रेवाड़ीह चौक से गोकुल नगर तक नाला निर्माण के लिए ₹250.00 लाख की आहुत निविदा में प्राप्त न्यूनतम दरों की अनुशंसा की गई। इसके अलावा, जिला अस्पताल के पास से महामाया चौक और महाजन बाड़ी से स्टेशन पारा तक 250 एमएम डाया डीआई पाइपलाइन विस्तार के लिए न्यूनतम दरों की स्वीकृति दी गई।

दुकानों के आरक्षण और प्रीमियम दरों पर फैसला

बैठक में निगम स्वामित्व वाली संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन के लिए पुराना गंज मंडी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, रेलवे स्टेशन रोड के नवीन व्यावसायिक परिसर की दुकानों के आरक्षित मूल्य व आरक्षण पर निर्णय लिया गया। साथ ही टांकाघर व्यावसायिक परिसर की दुकानों और यातायात नगर स्थित रिक्त भूखंडों के निर्धारित नवीन प्रीमियम दरों का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया।

सामाजिक सुरक्षा और पेंशन योजनाओं को मंजूरी

सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि प्रदान करने की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही जाति प्रमाण पत्र के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक अनुशंसा की गई।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, सुनील साहू, राजेश जैन रानू, बीना ध्रुव, शैंकी बग्गा, केवरा विजय राय, वर्षा शरद सिन्हा, आलोक श्रोती, डीलेश्वर प्रसाद साहू व राजा माखीजा के साथ निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, आयुक्त जी.आर. मरकाम, कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे सहित निगम के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch