राजनांदगांव : दीपावली की खरीदारी के लिए बाजार में उमड़ने वाली भीड़ के बीच इस बार यातायात व्यवस्था संभालने की तैयारी पहले से की जा रही है। बेतरतीब पार्किंग, सड़क पर पसरे और ठेलों के कारण लगने वाले जाम से निपटने के लिए प्रशासन और व्यापारिक संगठन मिलकर नया ट्रैफिक प्लान तैयार कर रहे हैं। दशहरा के बाद दीपावली से पहले इसे लागू करने की तैयारी है, ताकि त्योहार के दौरान बाजार में आवागमन सुगम रहे और दुकानदारों के कारोबार पर भी प्रतिकूल असर न पड़े। सोमवार को कलेक्टर, यातायात पुलिस, नगर निगम प्रशासन और चेंबर के प्रतिनिधियों की बैठक में प्रस्तावित कार्ययोजना पर चर्चा कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कामर्स ने 48 व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर बाजार की यातायात व्यवस्था सुधारने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे प्रशासन को सौंपा जा चुका है। 10 अक्टूबर को चेंबर के सदस्य इस प्रस्ताव के साथ विस अध्यक्ष डा रमन सिंह से भी मिले थे। व्यापारी चाहते हैं कि दीपावली से करीब पखवाड़े भर पहले नई व्यवस्था लागू कर दी जाए, जिससे दुकानदारों, ग्राहकों और अन्य लोगों को बदलाव समझने तथा उसके अनुरूप खुद को ढालने का पर्याप्त समय मिल सके।
वन-वे, पार्किंग और पसरा व्यवस्थापन पर जोर
प्रस्तावित कार्ययोजना में बाजार की प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने, वाहनों की पार्किंग के लिए जगह तय करने और सड़क पर पसरा लगाने वाले दुकानदारों व ठेला व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान देने जैसे विकल्प शामिल हैं। व्यापारियों का मानना है कि केवल वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। इसके लिए पार्किंग, फुटपाथ, ठेले-पसरे और दुकानों के सामने उपलब्ध जगह को ध्यान में रखकर योजना बनानी होगी। सोमवार की बैठक में इन सभी बिंदुओं पर विचार कर व्यवस्था तय किए जाने की संभावना है।
ठेले-पसरे हटाने के बजाय व्यवस्थित करने की चुनौती
बाजार में यातायात सुधार की सबसे बड़ी चुनौती ठेला और पसरा व्यवसायियों के व्यवस्थापन की होगी। सड़क किनारे कारोबार करने वाले कई छोटे व्यवसायियों की आजीविका इसी पर निर्भर है। ऐसे में उन्हें हटाने के बजाय उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने और मुख्य सड़कों को बाधामुक्त रखने के बीच संतुलन बनाना जरूरी होगा। चेंबर ने भी कार्ययोजना लागू करते समय व्यापारियों के हित प्रभावित नहीं होने देने पर जोर दिया है। जिन ठेलों और पसरे के कारण यातायात बाधित होता है, उन्हें ऐसी जगह व्यवस्थित करने का प्रस्ताव है, जहां कारोबार भी जारी रह सके और सड़क पर जाम की स्थिति भी न बने।
त्योहारी भीड़ से पहले व्यवस्था लागू करने की तैयारी
दीपावली के दौरान कपड़ा, सराफा, इलेक्ट्रानिक्स, बर्तन और अन्य बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में पार्किंग की अव्यवस्था और सड़क पर बढ़ता दबाव लोगों की परेशानी बढ़ा देता है। व्यापारियों का कहना है कि यदि नई व्यवस्था समय रहते लागू कर दी जाए तो ग्राहक भी निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों के अभ्यस्त हो सकेंगे। प्रस्तावित योजना को लेकर सोमवार की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।