October 19, 2026


प्रश्नपत्र लीक रोकने एआइ का सहारा तीन जिलों में 243 स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती

विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने नवचयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र अस्पतालों में स्टाफ की कमी दूर होने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने की उम्मीद

राजनांदगांव : भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) तकनीक का उपयोग किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों में 20 प्रकार के पदों पर 243 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। प्रशासन के अनुसार, प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका रोकने और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए इस भर्ती प्रक्रिया में एआइ का उपयोग किया गया। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य संस्थानों में मानव संसाधन बढ़ने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

कलेक्टर जितेंद्र यादव ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने के लिए जिला प्रशासन ने समिति गठित की थी। विज्ञापन जारी करने, आनलाइन आवेदन लेने, दस्तावेजों के सत्यापन, परीक्षा आयोजन और परिणाम घोषित करने तक की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी की गई। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और उनके लीक होने की आशंका को रोकने के लिए एआइ तकनीक का उपयोग किया गया। प्रशासन ने निर्धारित समय-सीमा में परिणाम जारी किए। भर्ती प्रक्रिया में तकनीक के इस उपयोग को चयन की विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत मई में भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एनआर नवरतन के अनुसार, तीनों जिलों में विभिन्न 20 प्रकार के पदों पर 243 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। आगामी समय में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और आयुष चिकित्सा अधिकारी के पदों पर भी जिला स्तर पर भर्ती की जाएगी।

अस्पतालों में बढ़ेगा स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग

नियुक्तियों से जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्टाफ नर्स, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, एएनएम और अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों की भूमिका मरीजों की देखभाल, उपचार और स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में महत्वपूर्ण होती है। पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होने से स्वास्थ्य संस्थानों के कामकाज में सुधार और मरीजों को समय पर सेवाएं देने में मदद मिल सकती है।

नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खिले

स्पीकर हाउस में आयोजित कार्यक्रम में डा. रमन सिंह ने नवचयनित स्वास्थ्यकर्मियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा में चयन उपलब्धि के साथ जनसेवा की जिम्मेदारी भी है। नवरात्रि के अवसर पर जीवन के नए अध्याय की शुरुआत कर रहे अभ्यर्थी पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव से अपने दायित्व निभाएं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों को बेहतर ढंग से संचालित करने और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार देने में स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में कोमल सिंह राजपूत, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, अपर कलेक्टर सीएल मारकंडेय, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, सिविल सर्जन महेंद्र प्रसाद सहित जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।\



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch