July 27, 2026


कुआकोंडा में नशामुक्ति अभियान: नाटक और नृत्य से विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश

किरंदुल। विकासखंड कुआकोंडा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विकासखंड शिक्षा अधिकारी  प्रमोद सिंह भदौरिया ने की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  भदौरिया ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य का सबसे बड़ा शत्रु है। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं, इसलिए नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नशामुक्ति विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटक, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। नाटक के माध्यम से दर्शाया गया कि नशे की लत किस प्रकार व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार, आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक सम्मान को प्रभावित करती है। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने उपस्थित सभी को भावुक करने के साथ नशामुक्त जीवन का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खंड स्रोत समन्वयक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch