July 27, 2026


खैरझिटी स्कूल में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश :शीला टाकेश सिन्हा ने किया वृक्षारोपण

 राजनांदगांव : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खैरझिटी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा रहीं। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी से अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खैरझिटी परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभापति श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा ने विद्यालय परिसर में पौधा रोपित कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सभापति श्री सांकेत वैष्णव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और इनके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प लेने का आग्रह किया। ग्राम पंचायत खैरझिटी के सरपंच श्री नेमु वर्मा ने कहा कि गांवों में हरियाली बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री तारण साहू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय में समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। विद्यालय के प्राचार्य ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौधरोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी सतत जिम्मेदारी है। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, विद्यार्थी, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी संकल्प लिया।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch