July 27, 2026


13 साल में भी नहीं सुधरी लखोली स्कूल की पढ़ाई प्राचार्य को हटाने की उठी मांग

लगातार खराब रिजल्ट से घट रही विद्यार्थियों की संख्या, जल्द डीईओ से करेंगे शिकायत - आशीष डोंगरे

राजनांदगांव :- शहर के श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र लखोली स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विद्यालय के लगातार खराब परीक्षा परिणाम और घटती छात्र संख्या को लेकर लखोली वार्ड क्रमांक 36 के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि व भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री आशीष डोंगरे ने प्राचार्य के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए तत्काल उन्हें हटाने की मांग की है।

श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र लखोली जहां नगर निगम के पांच वार्डों के विद्यार्थी अध्ययन करते हैं वहां स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल को संचालित हुए लगभग 13 वर्ष हो चुके हैं। इतने लंबे समय के बाद भी विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है। लगातार खराब परीक्षा परिणामों के कारण अभिभावकों का भरोसा कम होता जा रहा है और विद्यार्थियों की दर्ज संख्या भी हर वर्ष घट रही है। इस मुद्दे पर चिंता व्यक्त करते हुए वार्ड क्रमांक 36 के पूर्व पार्षद प्रतिनिधि एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री आशीष डोंगरे ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति के लिए लंबे समय से एक ही प्राचार्य के पदस्थ रहने को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय की प्राचार्य वंदना झा पिछले लगभग 13 वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। उनका कहना है कि विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के बजाय अनुशासन और प्रशासनिक रौब पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। इससे विद्यार्थियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है और विद्यालय की छवि भी खराब हो रही है। श्री डोंगरे ने कहा कि विद्यार्थियों के बीच बार-बार फेल और पास करने जैसी बातें कहे जाने से उनके मानसिक विकास और आत्मविश्वास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उनका मानना है कि विद्यालय प्रशासन का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना होना चाहिए लेकिन वर्तमान व्यवस्था में इस दिशा में अपेक्षित प्रयास दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार खराब परीक्षा परिणामों के कारण कई अभिभावक अपने बच्चों का प्रवेश अन्य विद्यालयों में करा रहे हैं जिससे विद्यालय की छात्र संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। यह स्थिति क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है। श्री डोंगरे ने मांग की कि विद्यालय के हित में प्राचार्य का तत्काल स्थानांतरण किया जाए तथा स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि इस गंभीर विषय को लेकर क्षेत्र के पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभिभावक जल्द ही जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से मुलाकात करेंगे। प्रतिनिधिमंडल विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति, लगातार खराब परीक्षा परिणाम और विद्यार्थियों की घटती संख्या से संबंधित शिकायत प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई की मांग करेगा।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch