July 27, 2026


स्मार्ट मीटर से लग रहा जोरदार आर्थिक झटका : पदम सिंह कोठारी

गरीबों पर भार डालकर लूट रही सरकार*

राजनांदगांव :- प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव एवं अविभाजित राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी ने प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा कर आम जनता को राहत देने की मांग की।

श्री कोठारी ने कहा कि भाजपा सरकार की स्मार्ट मीटर योजना आम जनता के लिए राहत नहीं, बल्कि आर्थिक बोझ बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में दोगुने या उससे भी अधिक आने लगे हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। श्री कोठारी ने कहा कि महंगाई की मार पहले से झेल रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बढ़े हुए बिजली बिल किसी बड़े संकट से कम नहीं हैं। रसोई, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक खर्चों के बीच बिजली का बढ़ता बिल परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगाड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लगे पारंपरिक मीटर से उपभोक्ता संतुष्ट थे, लेकिन स्मार्ट मीटर लागू होने के बाद शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के माध्यम से जनता से अधिक राशि वसूलने का काम कर रही है। सरकार को जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है और आम लोगों की जेब पर लगातार अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उपभोक्ताओं के हाथ में निर्णय होता तो अधिकांश लोग स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर ही लगवाना पसंद करते। पदम सिंह कोठारी ने कहा कि बिजली आज हर परिवार की बुनियादी आवश्यकता है। लोग मजबूरी में महंगा बिजली बिल भर रहे हैं क्योंकि बिना बिजली के दैनिक जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने तथा उपभोक्ताओं को तत्काल राहत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और यदि सरकार ने आम उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch