राजनांदगांव : भाजपा के जिला कार्यालय में मंडल अध्यक्ष से विवाद और हाथापाई के मामले में प्रदेश संगठन ने कार्रवाई की है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जिला मंत्री ऋषिदेव चौधरी को पद से हटा दिया है। सात अक्टूबर को भाजपा जिला कार्यालय में उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमीत भाटिया के साथ कथित दुर्व्यवहार और हाथापाई की घटना सामने आई थी। अब इस मामले में प्रदेश नेतृत्व के फैसले को संगठन में अनुशासन बनाए रखने की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
सात अक्टूबर को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन के कार्यक्रमों की सूचना न दिए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और हाथापाई की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद पार्टी के अन्य नेताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया था। घटना के बाद संगठन के भीतर भी मामला चर्चा में रहा।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी और जिला संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की अनुशंसा पर 23 अक्टूबर को ऋषिदेव चौधरी को जिला मंत्री पद से पदमुक्त करने का आदेश जारी किया। मंडल अध्यक्ष के साथ कथित अभद्र भाषा और हाथापाई के मामले को पार्टी नेतृत्व ने गंभीरता से लिया।