May 06, 2026


कमर्शियल गैस महंगी घरेलू पर बढ़ेगा संकट कालाबाजारी रोकना बड़ी चुनौती

राजनांदगांव: कमर्शियल गैस सिलिंडरों की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी ने स्थानीय बाजार और आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। होटल, ढाबा और छोटे व्यवसायों पर बढ़ते खर्च का सीधा असर अब घरेलू गैस सिलिंडरों की संभावित कालाबाजारी के रूप में सामने आ सकता है। कमर्शियल गैस सिलिंडरों के दाम में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ गई है। कई छोटे होटल संचालक और फूड व्यवसाय से जुड़े लोग अब खर्च कम करने के लिए घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल करने की ओर झुक सकते हैं। यही स्थिति कालाबाजारी को बढ़ावा देने की आशंका पैदा कर रही है। बता दें कि अप्रैल माह में गैस सिलिंडरों की किल्लत के बीच होटलों, ढाबों से बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए थे।

होटलों-ढाबों में टीम देगी दबिश

कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में वृद्धि होने के बाद घरेलू गैस सिलिंडर की काबाजारी होने की आशंका जताई जा रही है। इधर, कालाबाजारी को रोकने खाद्य निरीक्षकों को लगातार होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट का निरीक्षण करने कहा गया है। ताकि कालाबाजारी पर अंकुश लगाया जा सके। इसके लिए अलग से टीम भी गठित की गई है। गठित टीम होटलों-ढाबाें में दबिश देगी। इधर, नियमित रिफलिंग पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

होटल संचालकों ने बढाए दाम

2081 रुपये में मिलने वाला सिलिंडर अब 3074 रुपये में उपलब्ध हो रहा है, जिससे संचालन लागत में भारी इजाफा हुआ है। जिले में प्रतिदिन 1000 से अधिक कमर्शियल गैस सिलिंडरों की खपत होती है। ऐसे में कीमतों में यह उछाल सीधे तौर पर व्यापारियों की जेब पर भारी पड़ रहा है कमर्शियल गैस सिलिंडरों की कीमत में उछाल आने के बाद होटल संचालकों ने नाश्ता प्रति प्लेट में सीधे 10 रुपये की वृद्धि की है। वहीं खाना की प्रति थाली 20 से 40 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है। ढाबा संचालकों और छोटे रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि ग्राहक पहले ही महंगाई से परेशान हैं, ऐसे में कीमत बढ़ाने पर ग्राहक कम हो सकते हैं, लेकिन बिना बढ़ाए घाटा उठाना पड़ेगा। गैस एजेंसी संचालकों ने बताया कि पहले बुकिंग सिलिंडर पुराने दाम में ही मिलेंगे। नये बुकिंग पर नया दाम देना पड़ेगा।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch