October 19, 2026


गो माता को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग 151 कलशों के साथ निकली शोभायात्रा

राजनांदगांव: गो माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने और गोवंश पर अत्याचार रोकने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग को लेकर गुरुवार को शक्तिधाम धर्मार्थ सेवा समिति ने आवाज बुलंद की। शक्तिधाम अघोर शोध एवं जनकल्याण आश्रम बापूटोला के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में करीब 200 महिलाओं ने हिस्सा लिया। समिति के पदाधिकारियों और महिलाओं ने राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर गोवंश संरक्षण के लिए प्रभावी कानूनी कदम उठाने की मांग की। इसके बाद शारदीय नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत 151 कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

 गोवंश पर क्रूरता के खिलाफ कार्रवाई की मांग

ज्ञापन के माध्यम से समिति ने शहर में गोवंश के प्रति क्रूरता की घटनाओं पर नाराजगी जताई। साथ ही ऐसी घटनाओं में संलिप्त जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। समिति ने गोहत्या और गोवंश पर होने वाले अत्याचारों को रोकने के लिए सख्त दंडात्मक प्रावधान बनाने तथा गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की दिशा में पहल करने की अपील की।

151 कलशों के साथ निकली शोभायात्रा

ज्ञापन सौंपने के बाद शक्तिधाम के बैनर तले 151 कलशों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। इसमें महिलाओं, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान भक्तिमय वातावरण रहा। आयोजन में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने गौ संरक्षण के प्रति आस्था और जागरूकता का संदेश दिया।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch