October 16, 2026


पटवारी हड़ताल पर डॉ. शिवकुमार डहरिया का हमला, बोले— किसान और छात्र परेशान, सरकार तानाशाही रवैया छोड़े

 रामकुमार गुप्ता आरंग  :  छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से राजस्व संबंधी कामकाज प्रभावित होने के बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार की संवेदनहीनता के कारण किसान, विद्यार्थी और आम नागरिक परेशान हो रहे हैं। पटवारियों की न्यायसंगत मांगों पर सरकार को तत्काल संवाद कर समाधान निकालना चाहिए।

डॉ. डहरिया ने कहा कि पटवारियों के हड़ताल पर जाने से भूमि संबंधी कार्य, ऋण पुस्तिका, नामांतरण और सीमांकन जैसे जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। किसानों को अपने दस्तावेजों के लिए तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वहीं, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र नहीं बनने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, परीक्षाओं और शैक्षणिक प्रवेश संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कर्मचारियों की मांगों पर समय रहते सकारात्मक पहल करने के बजाय तानाशाही रवैया अपना रही है। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान कृषि कार्यों और धान खरीदी की तैयारियों के बीच भूमि संबंधी दस्तावेजों के लिए परेशान हैं, जबकि आम नागरिकों के भूमि क्रय-विक्रय, बंटवारा और अन्य राजस्व संबंधी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

मांगों के समाधान के लिए सरकार तत्काल पहल करे

डॉ. डहरिया ने कहा कि पटवारी राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर वार्ता के माध्यम से समाधान निकालना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, ताकि किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही पटवारियों की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की और समस्या का समाधान नहीं निकाला, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch