राजनांदगांव: दिवाली के त्योहारी सीजन में बाजार और यातायात व्यवस्था बनाने व्यापरियों के साथ मिलकर प्रशासन ने ज्वाईंट आपरेशन शुरु किया है। इसके तहत आने वाले दिनों में सुबह 10 से रात नौ बजे तक शहर के बाजार क्षेत्र में चार पहिया का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस क्षेत्र में सिर्फ ई-रिक्शा को अनुमति होगी। आठ अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग तैयार की जा रही है। यहीं से ई-रिक्शा लेकर लोग बाजार में खरीदारी के लिए पहुंच सकेंगे।
शहर में बनाई जाने वाली अस्थाई पार्किंग में 400 चार पहिया वाहन और बाइक के पार्किंग की जगह होगी। इसके अलावा शनिवार से सड़क तक फैली दुकानों को हटाने के अलावा पसरा और ठेला लगाने वालों को भी फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित किए जाने की तैयारी है। इसके लिए निगम ने स्थान आरक्षित कर लिया है और पसरा लगाने वालों से आवेदन मंगाए गए हैं।
चेंबर आफ कामर्स की छह सदस्यीय समिति ने 48 व्यापारी संघों से चर्चा के बाद ये प्रस्ताव तैयार किया था। गुरुवार को कलेक्टर जितेंदर यादव ने इस संबंध में निगम, पुलिस, व्यापारियों के साथ संयुक्त बैठक की जिसमें नई कार्ययोजना तैयार हुई। शुक्रवार से ही इस पर अमल भी शुरु कर दिया गया। निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने गुरुद्वारा चौक के पास पुराना जिला अस्पताल, फौव्वारा चौक के पास पुत्री शाला में पार्किंग की व्यवस्था के लिए निरीक्षण किया। यहां कल से घास-झाडि़यों की कटाई और सफाई शुरु की जाएगी।
कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में एएसपी कीर्तन राठौर, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम, नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी, तहसीलदार प्यारेलाल नाग, चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष कमलेश बैद सहित अन्य अधिकारी व व्यापारी प्रतिनिधमंडल के सदस्य उपस्थित थे।
आज से शुरु होगी कार्रवाई
राजस्व, निगम और पुलिस अमला संभवत: आज से बाजार में सड़क तक लगाई जाने वाली दुकानों के खिलाफ कार्रवाई भी शुरु करेगा। दूसरी ओर यातायात अमला टांका घर के सामने से लेकर गुरुद्वारा चौक तक फ्लाइओवर के नीचे खड़ी रहने वाली गाडि़यों को हटाएगा। यहां पसरा और ठेला लगाने वाले छोटे दुकानदारों को जगह दी जाएगी। पसरा व्यवस्थापन के लिए भी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
तीन दिनों में बदलेगा नक्शा, सोमवार को समीक्षा
पसरा-ठेला व्यवस्थापन और पार्किंग व्यवस्था के लिए नगर निगम आयुक्त ने पांच अधिकारियों को प्रभारी बनाया है। इन्हें तीन दिन के भीतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने कहा गया है। तीन दिन बाद सोमवार को इसकी समीक्षा भी की जाएगी।
ये है प्लान
जयस्तंभ चौक, जूनी हटरी, गुड़ाखू लाइन, सिनेमा लाइन, मानवमंदिर चौक, फौव्वारा चौक, गुरुद्वारा चौक में लगने वाले पसरा और ठेला को हटाकर फ्लाई ओवर के नीचे ताकि रास्ता संकरा न हो। सड़क तक दुकाने लगाने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई होगी।
पुत्रीशाला, पुराना जिला चिकित्सालय, शिवाजी पार्क, पुराना दुर्गा टाकीज के बाजू रिक्त भूमि, गंज चौक के अलावा फ्लाई ओव्हर के नीचे गुरूद्वारा चौक के पास , महावीर चौक व पोस्ट आफिस चौक में अस्थाई पार्किंग बनाई जाएगी।
पार्किंग स्थल से बाजार पहुंचने के लिए ई-रिक्शा को एंट्री दी जाएगी लेकिन बाजार के भीतर खड़े होने के लिए इसका भी समय तय होगा ताकि जाम की स्थिति न बने। चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के अलावा बाजार में भी जवान निगरानी करेंगे। कहीं भी जाम लगने की स्थिति में तत्काल एक्शन लिया जाएगा।