April 19, 2026


निवेश के नाम पर ठगी पिता से 17 और बेटे से चार लाख हड़पे

राजनांदगांव: शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। एमसी ग्लोबल सिक्योरिटी कैपिटल कंपनी से जुड़े ब्रोकर्स पर निवेश पर पांच प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर लोगों से रकम निवेश कराने और बाद में भुगतान नहीं करने का आरोप है।

मामले में सिंघोला निवासी प्रार्थी याज्ञवल साहू ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अमित लिल्हारे ने अधिक मुनाफे का लालच देकर उन्हें निवेश के लिए तैयार किया। उनके कहने पर उन्होंने स्वयं 17 लाख रुपए निवेश किए। आरोप है कि उसने उनके बेटे दीपक साहू के नाम दूसरी कंपनी में डी-मैट खाता खुलवाकर उससे भी करीब चार लाख रुपए निवेश कराए। शुरुआत में कुछ समय तक मुनाफा दिया गया, जिससे भरोसा बढ़ा। बाद में रकम लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी गई और अंततः भुगतान बंद कर दिया गया।

पीड़ित का कहना है कि आरोपितों ने हर महीने पांच प्रतिशत मुनाफा और मूल राशि सुरक्षित रहने का भरोसा दिया था। लंबे समय तक झांसे में रखने के बाद दोनों आरोपित रकम लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस नेटवर्क के जरिए जिले के 400 से अधिक लोगों को निवेश के लिए जोड़ा गया। कुल ठगी की राशि 15 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस अब सभी पीड़ितों की सूची तैयार कर रही है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि पूरे मामले का राजफाश किया जा सके।

फरार आरोपित, पुलिस पर कार्रवाई का दबाव

मामले में आरोपित अमित लिल्हारे फरार बताए जा रहे हैं। पीड़ितों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी कार्रवाई धीमी रही, जिससे आरोपितों को भागने का मौका मिल गया। अब पीड़ितों ने सख्त कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch