October 16, 2026


संयुक्त संचालक और सीएमएचओ ने डोंगरगांव व डोंगरगढ़ स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण

राजनांदगांव :- स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और डिजिटल व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. केके नाग और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव एवं डोंगरगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। डोंगरगढ़ अस्पताल में नेक्स्ट जेन पोर्टल के माध्यम से ओपीडी और आईपीडी पंजीयन की सुविधा 24 घंटे निर्बाध रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में मरीजों के पंजीयन, डिजिटल रिकॉर्ड संधारण और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़े और पंजीयन प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहे। इसके लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मेडिको-लीगल और पोस्टमार्टम प्रकरणों की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेडिको-लीगल प्रकरणों और पोस्टमार्टम से संबंधित मामलों की प्रविष्टि मेडलेअपर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रकरणों का डिजिटल रिकॉर्ड व्यवस्थित तरीके से संधारित किया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और अभिलेखों के रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त दवाइयां रखने कहा

अधिकारियों ने डोंगरगढ़ में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर मार्ग में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान शिविरों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक दवाइयों, स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

संयुक्त संचालक डॉ. नाग और सीएमएचओ डॉ. नवरतन ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिए कि किसी भी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। सभी शिविरों में पर्याप्त दवाइयां, जरूरी उपकरण और अन्य संसाधन उपलब्ध रहें। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य अमले को सतर्क रहने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन भी किए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch