राजनांदगांव: नवरात्रि मेला देखने निकले युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। 15 अक्टूबर की रात मोहला क्षेत्र के सांगली मोड़ के पास तेज रफ्तार बोलेरो और पल्सर मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। हादसे में ग्राम हितागुटा निवासी हेमप्रकाश पटेल के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। उसे डायल 112 की सहायता से शासकीय अस्पताल अंबागढ़ चौकी पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हेमप्रकाश 15 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे घर से पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 08 बीबी 0538) से अकेले अंबागढ़ चौकी में नवरात्रि मेला देखने निकला था। इसी दौरान सांगली मोड़ मुख्य मार्ग के पास बोलेरो नियो फोर वाहन (सीजी 08 बीएफ 2120) से उसकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर हेमप्रकाश के पिता धमेंद्र पटेल शासकीय अस्पताल पहुंचे। वहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसकी मौत होने की जानकारी दी। पुलिस ने बोलेरो चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप पर रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में कार्रवाई जारी है।