June 11, 2026


मरीन ड्राईव की तरह विकसित हो सरोवर

राजनांदगांव: वार्ड 28, विवेकानंद वार्ड के रहवासी भरकापारा तालाब को रानी सागर की तर्ज पर विकसित और संरक्षित करने की मांग उठा रहे हैं। लंबे समय से वार्डवासी इसके लिए प्रयासरत रहे हैं कि शहर के मुख्य स्थल पर मौजूद इस सरोवर को मनोरंजन स्थल के तौर पर तैयार किया जाए लेकिन अब तक इस पर कोई पहल नहीं हो सकी है। हर बार सरोवरों के संरक्षण की बारी आने पर रानी सागर, बूढ़ा सागर को ही बजट दिए जाने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भरकापारा तालाब की हमेशा उपेक्षा ही की जाती रही है।

वार्डवासी जलसंरक्षण और रोजगार के पहलुओं पर सोच रहे हैं। रहवासियों ने कहा कि भरकापारा तालाब में पर्याप्त जगह है। इसे चौपाटी की तर्ज पर तैयार किया जा सकता है। पाथवे, दुकानें, झूले और उद्यान इसकी खूबसूरती बढ़ा देंगे। इसके अलावा इससे जलसंरक्षण की दिशा में भी फायदा होगा। चूंकि यह सरोवर शहर के बीचो-बीच मौजूद है इसे आज के परिवेश के लिहाज से काफी बेहतर तरीके से तैयार किए जाने की पूरी संभावना है। रहवासियों ने कहा कि यह राजधानी की तर्ज पर मरीन ड्राईव बन सकता जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। शहर के इस हिस्से में मनोरंजन के लिए लोगों के पास कोई और विकल्प भी मौजूद नहीं है।

नशे पर भी लगेगी लगाम

भरकापारा तालाब के वीरान होने से नशेडि़यों का ठिकाना बनता जा रहा है। यहां गांजा-शराब पीते युवकों का जमावड़ा बना रहता है। इससे गंदगी भी फैल रही है। वार्डवासी इसे लेकर काफी समय से शिकायत कर रहे हैं। इसके चलते माहौल खराब होने से रहवासी परेशान हैं। मांग की जा रही है कि यहां पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाए ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जाए।

 डेढ़ करोड़ का स्टीमेट सरकार को भेजा 

भरकापारा तालाब सुंदरीकरण की मांग कई वर्षों से की जा रही है। इस बार काफी प्रयास के बाद इसे मनोरंजन स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए सवा डेढ़ करोड़ रुपये का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है जिसकी स्वीकृति की प्रतीक्षा है। इसे हरी झंडी मिलते ही शहर के बीच एक भव्य मनोरंजन स्थल आकार लेगा जिससे रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। हम इसके लिए प्रयासरत हैं।

शरद कुशवाहा, पार्षद


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch