October 19, 2026


कांग्रेस विधायक के फार्म हाउस में मंत्री की घोषणा भाजपा नेताओं में रोष

ग्राम चिद्दो में विकास कार्यों के आवेदन लौटाने का आरोप, निजी संस्था को लाभ पहुंचाने पर भी जताई आपत्ति

राजनांदगांव :कृषि मंत्री रामविचार नेताम के दौरे को लेकर भाजपा के भीतर असंतोष सामने आया है। कांग्रेस विधायक दलेश्वर साहू के आलीवारा स्थित फार्म हाउस में घोषणाओं और स्थानीय संगठन को कार्यक्रम की सूचना नहीं मिलने पर भाजपा नेताओं ने जिला व प्रदेश नेतृत्व से शिकायत की है। नेताओं ने निजी संस्था के लिए करोड़ों रुपये की घोषणा और गांव के विकास कार्यों के आवेदन लौटाने पर सवाल उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार, मंत्री गुरुवार को मां बम्लेश्वरी के दर्शन के बाद आलीवारा स्थित विधायक दलेश्वर साहू के फार्म हाउस पहुंचे। यहां सरपंचों के साथ संगोष्ठी हुई और लीफ एनालिसिस मशीन लगाने की घोषणा की गई। इसके बाद वे कांग्रेस नेता गुलाब वर्मा के साथ चिद्दो गांव पहुंचे और किसान के खेत में फसल की स्थिति जानी।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि चिद्दो में सरपंचों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विकास कार्यों के प्रस्ताव सौंपने चाहे, लेकिन मंत्री ने यह कहते हुए आवेदन लौटा दिए कि वे केवल फसल देखने आए हैं। इससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ी।

 प्रदेश संगठन तक पहुंचा मामला

जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश गांधी ने कहा कि उन्हें और संगठन को मंत्री के दौरे की सूचना नहीं थी। मामले से प्रदेश नेतृत्व को अवगत करा दिया गया है। जिला सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने कांग्रेस विधायक की निजी संस्था के लिए राशि की घोषणा को अनुचित बताते हुए प्रदेश संगठन में शिकायत करने की बात कही। भाजपा नेताओं का कहना है कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका की अपेक्षा की जाती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद स्थानीय संगठन को नजरअंदाज किया जा रहा है। मंत्री की ओर से आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch