April 30, 2026


रायपुर में मोबाइल झपटमार गैंग का भंडाफोड़: 50 हजार का फोन बरामद, लाखों के मोबाइल जब्त

रायपुर :  राजधानी रायपुर में मोबाइल झपटमारी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए पंडरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना पंडरी क्षेत्र में हुई मोबाइल झपटमारी की घटना में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से न सिर्फ झपटे गए मोबाइल को बरामद किया गया, बल्कि अन्य 11 महंगे मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रार्थी धनंजय सरकार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे सीआईपी तिराहा शंकर नगर रोड मोवा के पास खड़े रहने के दौरान अज्ञात बदमाश उसके हाथ से सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पंडरी पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटमारी में इस्तेमाल किया गया करीब 50 हजार रुपए कीमत का सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा आरोपी के पास से iPhone, Redmi, Poco और Vivo कंपनियों के कुल 11 अन्य मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 70 हजार रुपए बताई जा रही है। इन मोबाइल फोनों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch