आरंग :निस्तारी पानी की समस्या से जूझ रहे बड़गांव के ग्रामीणों को तालाब में पानी भर राहत दिलाने बड़गांव के युवा जुट गये हैं । दरबा से सोनपैरी के बीच माइनर में विध्नसंतोषी तत्वों द्वारा मनाही के बाद भी किये गये तोड़फोड़ को जहां युवाओं ने मशक्कत कर बांधा वहीं माइनर में चौकसी भी शुरू कर दी है । बड़गांव के ग्रामीणों ने दरबा व सोनपैरी के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्राम प्रमुखों से आग्रह किया है कि वे बड़गांव के तालाब को भरने सहयोग प्रदान करें ।
ज्ञातव्य हो कि निस्तारी पानी की समस्या को देखते हुये पंचायत ने सिंचाई विभाग से निस्तारी पानी देने की मांग की थी । मांग पर गंगरेल से छोड़े जा पानी मांढर शाखा नहर से निकले वितरक शाखा क्रमांक 10 के सोनपैरी माइनर के अंतिम छोर के ग्राम बड़गांव में पहुंच गया है पर दरबा व सोनपैरी में कतिपय विध्नसंतोषी तत्वों द्वारा माइनर में तोड़फोड़ करने से बड़गांव में नियमित व पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है ।इसे देखते हुये आज गुरूवार की सुबह ग्रामीण सभा अध्यक्ष रामजी वर्मा व उपसरपंच बनवारी यादव व रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के अध्यक्ष रहे भूपेन्द्र शर्मा के साथ पंचों व ग्रामीण युवाओं की टीम ने पूरे माइनर का निरीक्षण किया और दरबा व सोनपैरी में एक - एक जगह निर्धारित कुलापे वाले स्थल पर तोड़फोड़ कर पानी निकासी होते पाया वहीं सोनपैरी में मुरूम खुदाई की वजह से बने तालाब नुमा गढ्ढे में भी पानी गिरते पाया । युवाओं की टीम ने बोरियों से इन्हें बांधा व दिन और रात में सतत् चौकसी की निर्णय लेने के साथ दरबा व सोनपैरी के ग्रामीणों से सहयोग का आग्रह किया है । इधर युवाओं द्वारा माइनर मरम्मत व चौकसी के चलते शाम होते होते रफ्तार से पानी बड़गांव पहुंच तालाब में गिरना शुरू हो गया है और ग्रामीण जेसीबी लगा ग्रामीण नाली की मरम्मत कर प्रभावी पानी ले जाने के कार्य में जुटे हैं ।