राजनांदगांव :- शहर की बदहाल सड़कों, उखड़ते डामरीकरण और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण शहरवासी बारिश के मौसम में गंभीर परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। उन्होंने महापौर की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए वे प्रभावी पहल क्यों नहीं कर पा रहे हैं।
श्री पिल्ले ने मंगलवार को शहर की सड़कों और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई कई नई डामर सड़कें कुछ ही समय में उखड़ने लगी हैं जबकि पुरानी सड़कें पहले से ही गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। पूरे शहर में जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। श्री पिल्ले ने कहा कि बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है। दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं और आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से गड्ढों की मरम्मत को लेकर कोई गंभीर पहल दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में नए बिजली खंभे तो लगा दिए गए लेकिन उनमें अब तक स्ट्रीट लाइटें नहीं लगाई गई हैं। वहीं कई पुराने खंभे जर्जर हालत में खड़े हैं और उनकी लाइटें भी लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इससे शाम होते ही कई वार्ड अंधेरे में डूब जाते हैं जिससे आम नागरिकों की परेशानी बढ़ जाती है। श्री पिल्ले ने कहा कि बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतु रिहायशी इलाकों और सड़कों पर निकल आते हैं जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। श्री पिल्ले ने सवाल उठाया कि यदि प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है और नगर निगम में भी भाजपा का महापौर है तो फिर शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान क्यों नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि क्या महापौर की शक्ति कम हो गई है या फिर वे जनता की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर नहीं हैं।।उन्होंने निगम प्रशासन से मांग की कि शहर सहित सभी 51 वार्डों में तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराई जाए खराब और जर्जर बिजली खंभों को बदला जाए तथा जहां नए खंभे लगाए गए हैं वहां शीघ्र स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं। साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी तत्काल चालू कराया जाए ताकि बारिश के मौसम में लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। श्री पिल्ले ने कहा कि नगर निगम प्रशासन और महापौर को इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जनहित में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।