October 19, 2026


छह माह से पेंशन अटकी दवा और राशन के लिए भटक रहे हितग्राही

छह माह से पेंशन अटकी, दवा और राशन के लिए भटक रहे हितग्राही मोहला जिले में केंद्र की योजनाओं के हजारों हितग्राही परेशान, राज्य की पेंशन भी सितंबर से लंबित, अधिकारियों ने जल्द भुगतान का दिया भरोसा

राजनांदगांव : किसी को दवा खरीदनी है तो किसी को घर का राशन जुटाना है, लेकिन छह माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण मोहला क्षेत्र में जरूरतमंद हितग्राही परेशान हैं। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में केंद्र सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन पाने वाले हितग्राहियों को मई से राशि नहीं मिली है। वहीं, राज्य सरकार की योजनाओं की पेंशन भी सितंबर से अटकी हुई है। हितग्राहियों ने दीपावली से पहले लंबित राशि का भुगतान करने की मांग की है।

विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, सुखद सहारा और वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राही राशि के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के हितग्राहियों ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें केवल जल्द भुगतान का आश्वासन मिल रहा है। पेंशन पर निर्भर परिवारों के सामने दवा, सब्जी और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है।

 अकेले अंबागढ़ चौकी में हजारों प्रभावित

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अंबागढ़ चौकी जनपद पंचायत में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता योजना के साढ़े तीन हजार से अधिक हितग्राही हैं। वहीं, नगर पंचायत क्षेत्र में केंद्र की विभिन्न योजनाओं के एक हजार से अधिक हितग्राही हैं। जिले के मोहला, मानपुर और अंबागढ़ चौकी विकासखंडों में भी पेंशन भुगतान प्रभावित होने से जरूरतमंदों की परेशानी बढ़ गई है। जिला मुख्यालय मोहला में सोमवार को सांसद संतोष पांडे की अध्यक्षता में हुई दिशा समिति की बैठक में भी पेंशन भुगतान का मुद्दा उठा था। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने छह माह से राशि नहीं मिलने की जानकारी दी। सांसद ने जिला प्रशासन को समस्या का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

जल्द एकमुश्त भुगतान का आश्वासन

समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक अखिलेश तिवारी ने बताया कि केंद्र की योजनाओं के हितग्राहियों की पेंशन मई से लंबित है। उन्होंने कहा कि समस्या के निराकरण के लिए राज्य स्तर के अधिकारियों से चर्चा की गई है। लंबित महीनों की राशि जल्द एकमुश्त हितग्राहियों के खातों में डालने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं की पेंशन में देरी के पीछे तकनीकी खामियों और केवाईसी संबंधी समस्याओं की जानकारी भी सामने आई है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch