राजनांदगांव : बिजली वितरण में हानि कम करने, बकाया बिलों की वसूली बढ़ाने और स्मार्ट मीटर लगाने में तेजी लाने के निर्देश विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने दिए हैं। उन्होंने राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों की समीक्षा कर वितरण व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया।
बैठक में वितरण हानि और एटीएंडसी हानि के कारणों की पहचान कर तकनीकी व वाणिज्यिक सुधार करने, मीटरिंग-बिलिंग व्यवस्था दुरुस्त करने और अनधिकृत बिजली उपयोग पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। लंबित असेसमेंट प्रकरणों का निराकरण कर बकाया राशि की वसूली के लिए योजनाबद्ध प्रयास करने को भी कहा गया।
स्मार्ट मीटर और रखरखाव पर नजर
पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) के तहत स्मार्ट मीटर स्थापना में तेजी लाने तथा उपभोक्ताओं को मीटर और बिलिंग संबंधी जानकारी देने के निर्देश दिए गए। बैठक में 33 केवी और 11 केवी लाइनों, ट्रांसफार्मरों तथा उपकेंद्रों के रखरखाव की समीक्षा भी हुई। कंवर ने तकनीकी खामियां समय रहते दूर करने और सुरक्षित, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम, अतिरिक्त मुख्य अभियंता मंगल तिर्की, अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर, एसके बंड, खूबचंद खोटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।