October 16, 2026


संभाग स्तरीय शालेय क्रिकेट में रायपुर का दबदबा, महासमुंद को 15 रन से हराकर जीता खिताब

 रामकुमार गुप्ता आरंग । गुरु घासीदास मिनी स्टेडियम, मंदिरहसौद में आयोजित संभाग स्तरीय अंडर-17 एवं अंडर-19 शालेय बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। अंडर-19 वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में रायपुर की टीम ने महासमुंद को 15 रनों से हराकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रायपुर संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेजेस स्कूल मंदिरहसौद के जनभागीदारी अध्यक्ष अशोक वर्मा ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद मंदिरहसौद के अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी एवं उपाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव उपस्थित रहे। इनके साथ प्राचार्या प्रेमशिला एक्का, पार्षद सागर पटेल, पिंटू निर्मलकर, भूषण बघेल, सुरेश यादव, एकता मिश्रा एवं प्रतिनिधि अवधेश मिश्रा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

आरंग युवा एवं खेल संगठन के अध्यक्ष अमन साहू ने बताया कि अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता में रायपुर संभाग के पांच जिलों—रायपुर, महासमुंद, धमतरी, बलौदाबाजार और गरियाबंद की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में रायपुर और महासमुंद के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंततः रायपुर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 15 रनों से जीत दर्ज की और विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

प्रतियोगिता का संयोजन विकासखंड सहायक खेल अधिकारी ओंकेश्वर सोनवानी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विकासखंड खेल अधिकारी राकेश प्रधान, व्यायाम शिक्षक अमित चंद्राकर, मोहम्मद फारूक, के.के. देवांगन, योगेश बघेल, फागुलाल साहू, शशिकांत बांधे, आरंग क्रिकेट क्लब के अश्वनी रात्रे सहित संगठन के सदस्य एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही उनमें खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को प्रोत्साहित किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों से अब रायपुर संभाग को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch