छुरिया :- खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत महाराजपुर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत महिला स्व-सहायता समूहों और ग्राम संगठनों की ओर से एक भव्य ग्राम संगठन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राजनांदगांव जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति श्रीमती अनीता मंडावी ने की।
महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से मजबूत होगा ग्रामीण विकास
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण रविन्द्र वैष्णव ने महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने उनके द्वारा चलाई जा रही आजीविका गतिविधियों और कार्यों की जानकारी ली। श्रीमती वैष्णव ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं का संगठित होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना गांव के सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने, स्वरोजगार के नए अवसरों से जुड़ने तथा अपने समूहों को आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि महिलाओं की सक्रिय सहभागिता के बिना ग्रामीण विकास को गति नहीं मिल सकती।
इन गणमान्य अतिथियों की रही विशेष उपस्थिति
सम्मेलन को जिला पंचायत सभापति श्रीमती अनीता मंडावी, जनपद पंचायत छुरिया सभापति श्रीमती उत्तरा निषाद, जनपद सदस्य श्रीमती चुनिया बाई कंवर, सरपंच श्रीमती क्षमा तिवारी और ग्राम पटेल टीकम दास साहू ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर ग्राम संगठन की अध्यक्ष श्रीमती नीपा साहू, कोषाध्यक्ष श्रीमती चुन्नी कंवर, श्रीमती मंजू बाई कंवर, तथा सदस्य श्रीमती शारदा कंवर, श्रीमती मिथलेश कंवर, श्रीमती सकिला बाई कंवर और श्रीमती लता साहू सहित बड़ी संख्या में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन पर हुई चर्चा
सम्मेलन के दौरान मुख्य रूप से महिला सशक्तिकरण, आर्थिक स्वावलंबन, आजीविका संवर्धन और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे के अनुभवों को साझा किया और बिहान योजना के माध्यम से अपनी सफलता की कहानियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।