राजनांदगांव। भिलाई के सेक्टर-छह स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में गायत्री विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 45 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में विद्यालय के 32 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न योग विधाओं में 20 स्वर्ण, 19 रजत तथा छह कांस्य पदक जीतकर प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में उत्साह का माहौल है। संस्था प्रबंधन ने सभी पदक विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने योग की विभिन्न विधाओं में शारीरिक संतुलन, एकाग्रता, लचीलापन और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष बात यह रही कि कुछ विद्यार्थियों ने अलग-अलग योग स्पर्धाओं में दो से तीन पदक हासिल किए। इस तरह 32 विद्यार्थियों ने कुल 45 पदक जीतकर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया।
स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में शिवांश साहू, तनिष्क श्रीवास, मिनख साहू, उन्नति साहू, गुरवेंद्र साहू, कुणाल यादव, प्रणित साहू, प्रतीक चंदेल, सानिध्य साहू, श्रीयांश सोनबोईर, सौर्य साहू, तुष्य बघेल, श्रेयांश सोनबोईर, वेन्या मरकाम, हंशिका, रीतेश गुप्ता और तान्या शर्मा शामिल हैं।
रजत पदक विजेताओं में रीपल साहू, तनिष्क श्रीवास्तव, विवान साहू, अनुशा मिश्रा, उन्नति साहू, डालेश्वर, गुरवेंद्र साहू, मयंक, पीयूष, प्रतीक चंदेल, रविकांत दीपक, सानिध्य साहू, सौर्य साहू, वेन्या मरकाम, रीषिता गुप्ता और तान्या शर्मा शामिल हैं।
वहीं कांस्य पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में विवान साहू, गुंजा भारती, अनुशा मिश्रा, अली अब्बास, प्रणित साहू और तुष्य बघेल शामिल हैं।
गायत्री शिक्षण समिति के अध्यक्ष डा. बृजकिशोर सुरजन ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से सशक्त बनाता है। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और साधना से सिद्ध किया है कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने की प्रेरणा देती हैं।
विद्यालय के सीबीएसई प्राचार्य अंकित व्यास ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्था की वास्तविक सफलता उसके विद्यार्थियों की बहुआयामी उपलब्धियों से आंकी जाती है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 45 पदक जीतना विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और विद्यालय में दिए जा रहे प्रशिक्षण का परिणाम है। संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल, योग, अनुशासन और आत्मविश्वास के क्षेत्र में भी सक्षम बनाना है।
खेल निदेशक सागर चितलांगिया ने कहा कि योग प्रतियोगिता में सफलता के लिए शारीरिक क्षमता के साथ एकाग्रता, संतुलन, लचीलापन और मानसिक दृढ़ता जरूरी है। विद्यार्थियों ने नियमित अभ्यास और कठिन परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। क्रीड़ा अधिकारी अखिलेश मिश्रा और योग शिक्षिका भारती साहू के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की थी।
विद्यार्थियों की उपलब्धि पर गायत्री शिक्षण समिति के अध्यक्ष डा. बृजकिशोर सुरजन, उपाध्यक्ष राजेश जैन, संध्यादेवी सिंघल, कोषाध्यक्ष सूर्यकांत चितलांगिया, सचिव गगन लड्डा, सहसचिव निकुंज सिंघल, खेल निदेशक सागर चितलांगिया, संरक्षक नंदकिशोर सुरजन, सुषमा सुरजन, सांस्कृतिक प्रभारी हरीश गांधी, रूपाली गांधी, सहायक खेल निदेशक मनोज चितलांगिया, एकेडमिक डायरेक्टर अमित उत्तलवार, प्राचार्य अंकित व्यास, उप प्राचार्य रश्मि ठाकुर और प्रशासक अनिल वाजपेयी ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।