November 01, 2026


2 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव करेंगे शिरकत

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 2 नवंबर 2026 को राजनांदगांव के गौरव पथ स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे से होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

समारोह में अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद श्री संतोष पाण्डेय द्वारा की जाएगी।

विशिष्ट अतिथियों की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

इस राज्योत्सव में क्षेत्र के कई दिग्गज जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। इनमें डोंगरगांव विधायक श्री दलेश्वर साहू, खुज्जी विधायक श्री भोलाराम साहू, डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल, महापौर श्री मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश दत्त मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष श्री किरण साहू, जनपद पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चन्द्राकर और समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत शामिल हैं।

यह रहेगा दिनभर का मुख्य कार्यक्रम और समय-सारणी:

पूर्वाह्न 11:00 बजे: विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं और सफलताओं पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन।

शाम 5:00 बजे से: सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत।

शाम 6:00 से 6:30 बजे: मुख्य अतिथि का आगमन, विभागीय विकास प्रदर्शनी का अवलोकन और विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को सामग्री का वितरण।

शाम 6:30 से 6:45 बजे: मुख्य अतिथि का मंच पर आगमन और दीप प्रज्वलन।

शाम 6:45 से 7:30 बजे: अतिथियों का स्वागत एवं उद्बोधन।

शाम 7:30 से रात्रि 10:00 बजे तक: प्रसिद्ध लोककला एवं संगीत कलाकार श्री निलेश जोगी द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति।

प्रशासन और आयोजकों द्वारा भव्य आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिसमें छत्तीसगढ़ी संस्कृति और विकास की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch