राजनांदगांव: नेशनल हाईवे-53 में 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक हादसा ट्रांसपोर्ट नगर चौक के पास हुआ, जबकि दूसरा कोपेडीह के समीप एनएच-53 पार करते समय हुआ। दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पिछले चार दिनों के भीतर सड़क हाइदे में मौत के तीन मामले सामने आ चुके हैं।
ग्राम बरगा निवासी पूष्महल सहारे अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान टाटा नेक्सन कार (सीजी-08 बीएच-4630) के चालक ने कथित रूप से तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल पुष्पमहल को मेडिकल कालेज अस्पताल, पेंड्री में भर्ती कराया गया, जहां रात 10.34 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दूसरा हादसा 26 जुलाई की सुबह करीब 7.30 बजे कोपेडीह के पास एनएच-53 पर हुआ। ग्राम कोपेडीह निवासी लालचंद निषाद सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। हाईवे पार करते समय मोटरसाइकिल (एमपी-41 एनजी-1429) के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें संजीवनी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चौकी तुमड़ीबोड़ पुलिस ने चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।