October 19, 2026


जुबिन ने जेन जी पर छोड़ी सुरों की अमिट छाप रमन बोले राजनांदगांव मेरी शान मेरा अभिमान

सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री सहित कई मंत्री और जनप्रतिनिधि हुए शामिल

राजनांदगांव : मोबाइल की रोशनी से जगमगाता दिग्विजय स्टेडियम, जुबिन नौटियाल की आवाज पर झूमते हजारों युवा और सुरों के साथ गूंजता पूरा मैदान। विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह के जन्मदिन पर 15 अक्टूबर की शाम ‘राग नांदगांव’ ने संस्कारधानी को ऐसे संगीत उत्सव में बदल दिया, जिसकी गूंज लंबे समय तक यादों में बनी रहेगी। युवा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 60 हजार से अधिक नागरिक शामिल हुए। बालीवुड गायक जुबिन नौटियाल ने लोकप्रिय गीतों और भजनों की प्रस्तुति से खासकर युवा पीढ़ी यानी जेन-जी पर सुरों की अमिट छाप छोड़ी। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और डिजिटल आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डा. रमन सिंह ने संस्कारधानी की माटी को नमन किया और जनता के प्रति भावनात्मक जुड़ाव व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका जन्म कवर्धा जिले के ग्राम रामपुर में हुआ, लेकिन राजनांदगांव की धरती ने उन्हें राजनीतिक जीवन में नई पहचान और ऊंचाइयां दीं। लगभग 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन में यहां की जनता से मिला स्नेह, विश्वास और अपनापन उनके लिए अमूल्य है। उन्होंने कहा, “राजनांदगांव मेरी शान है, मेरा अभिमान है, मेरी पहचान है और राजनांदगांव की वजह से ही रमन का अस्तित्व है।”

उन्होंने राजनांदगांव की साहित्यिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए गजानन माधव मुक्तिबोध, पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी और डा. बलदेव प्रसाद मिश्र जैसी विभूतियों को याद किया। गणेशोत्सव, दुर्गोत्सव, हाकी और सामाजिक एकजुटता को शहर की विशिष्ट पहचान बताया। युवाओं की सेवाभावना की सराहना करते हुए उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास और जीत की उम्मीद बनाए रखने का संदेश दिया।


0 हनुमान चालीसा से शुरुआत, फिर संगीत की सुरमयी शाम


कार्यक्रम की शुरुआत युवा वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष भावेश बैद के नेतृत्व में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। स्टेडियम में मौजूद हजारों लोगों ने एक स्वर में पाठ किया। आयोजकों के अनुसार, यह उपलब्धि गोल्डन बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हुई। इसके बाद जुबिन नौटियाल ने ‘मेरे घर राम आए हैं’ और ‘श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ जैसे भजनों के साथ लोकप्रिय फिल्मी गीतों की प्रस्तुति दी। दर्शक देर रात तक उनके गीतों के साथ गुनगुनाते और झूमते रहे। डा. रमन सिंह के आह्वान पर हजारों लोगों ने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाई, जिससे पूरा स्टेडियम रोशनी से नहा उठा। अंत में डिजिटल आतिशबाजी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

0 राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री सहित दिग्गजों की मौजूदगी

कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, दयालदास बघेल, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा और गजेंद्र यादव शामिल हुए। विधायक धरमलाल कौशिक, राजेश मूणत, धरमजीत सिंह, भावना बोहरा और ईश्वर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और प्रदीप गांधी, कलेक्टर जितेंद्र यादव तथा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित अधिकारी और सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch