October 28, 2026


13 साल के आरवराज ने 48 गेंदों में ठोका शतक रायपुर की बड़ी जीत

नवागांव मिनी स्टेडियम में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रोमांच, क्रिकेट और वालीबाल में संभागीय टीमों के बीच कड़े मुकाबले

राजनांदगांव : बजरंगपुर नवागांव के मिनी स्टेडियम में चल रही 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में रायपुर के 13 वर्षीय बल्लेबाज आरवराज सिन्हा ने धमाकेदार शतक जड़कर दर्शकों का ध्यान खींचा। रायपुर और बिलासपुर संभाग के बीच खेले गए 17 वर्ष बालक वर्ग के क्रिकेट मुकाबले में आरवराज ने 48 गेंदों में नाबाद 103 रन बनाए। उनकी पारी में 17 चौके और दो छक्के शामिल रहे। इस प्रदर्शन की बदौलत रायपुर ने 170 रन बनाए और बिलासपुर को 90 रन पर समेटकर 80 रन से जीत दर्ज की।

आरवराज की आक्रामक बल्लेबाजी देखने के लिए मैदान में दर्शकों की भीड़ जुटी रही। शतक पूरा करने के बाद उन्होंने बल्ला लहराकर दर्शकों का अभिवादन किया। प्रतियोगिता के अगले दौर में रायपुर का मुकाबला दुर्ग से होगा।

क्रिकेट के 17 वर्ष बालक वर्ग में दुर्ग और बस्तर के बीच मुकाबला टाई रहा। सुपर ओवर में बस्तर ने जीत दर्ज की। दुर्ग ने सरगुजा को भी हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। इस मुकाबले में सरगुजा ने 15 ओवर में 101 रन बनाए। दुर्ग की ओर से कुणाल कश्यप ने तीन, जबकि गौरव और अंशु ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दुर्ग ने 13 ओवर में 102 रन बनाकर जीत हासिल की। वशी ने 36 और खिलेश ने 33 रन बनाए। 19 वर्ष क्रिकेट वर्ग में रायपुर ने दुर्ग को हराया, जबकि बस्तर और बिलासपुर के बीच मुकाबले में बिलासपुर विजेता रहा।

वालीबाल में रायपुर और दुर्ग का दबदबा

वालीबाल के 19 वर्ष बालक वर्ग में रायपुर ने बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा के विरुद्ध जीत दर्ज की। दुर्ग ने सरगुजा, बस्तर और बिलासपुर को हराया। बस्तर ने सरगुजा को मात दी, जबकि रायपुर ने दुर्ग को भी पराजित किया। बालिका वर्ग में रायपुर ने बस्तर और बिलासपुर को हराया। दुर्ग ने सरगुजा के विरुद्ध जीत दर्ज की। रायपुर और दुर्ग के बीच खेले गए मुकाबले में भी रायपुर विजेता रहा। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 26 से 29 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। इसमें विभिन्न संभागों की टीमें क्रिकेट और वालीबाल में अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch