October 15, 2026


मां पाताल भैरवी सिद्धपीठ में प्रज्ज्वलित हुईं 2395 मनोकामना ज्योतियां विदेशों तक गूंज रही आस्था

राजनांदगांव :- शारदीय नवरात्र पर बर्फानी आश्रम स्थित मां पाताल भैरवी सिद्धपीठ में आस्था का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। यहां कुल 2395 मनोकामना ज्योतियां प्रज्ज्वलित की गई हैं। देश के विभिन्न राज्यों के साथ विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं ने भी माता के दरबार में ज्योति कलश स्थापित कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना की है। आस्ट्रेलिया, अमेरिका के बोस्टन, जर्मनी, कनाडा, दुबई और बैंकाक सहित विभिन्न स्थानों के भक्तों ने ज्योतियां प्रज्ज्वलित कर अपनी आस्था प्रकट की।

बर्फानी सेवाश्रम समिति द्वारा संचालित सिद्धपीठ में नवरात्र के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना, अभिषेक और आरती की जा रही है। गौरी-गणेश पूजन के साथ शुरू हुए नवरात्र में माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सिद्धपीठ में 15 अक्टूबर को पंचमी पर भगवान गणेश, हनुमान, मां पाताल भैरवी, मां राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी, दस महाविद्याओं, भगवान शिव और भैरव बाबा सहित देवी-देवताओं का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। 18 अक्टूबर को महाअष्टमी पर शाम छह बजे श्रीयंत्र आधारित यज्ञशाला में हवन होगा। 

संस्था के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा 'गन्नू' ने बताया कि नवरात्र के प्रथम दिन निर्धारित मुहूर्त में आचार्य कृष्णकांत त्रिपाठी और अन्य पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया। इस दौरान गौरी-गणेश, नवग्रह स्थापना और गुरु पूजन के बाद मां पाताल भैरवी, भगवान शिव, स्फटिक शिवलिंग, हनुमान और भैरव बाबा सहित अन्य देवी-देवताओं का अभिषेक किया गया। दूध, दही, गंगाजल, शहद, घी और अन्य पूजन सामग्रियों से अभिषेक के बाद आरती की गई। इसमें संस्था के अध्यक्ष एवं लोकगीत गायक राजेश मारु सहित श्रद्धालु शामिल हुए।

19 को कन्या भोज और ज्योति विसर्जन

दुर्गानवमी पर 19 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कन्या भोज, 11 बजे माता की महाआरती और दोपहर 12 बजे दुर्गानवमी उत्सव होगा। दोपहर 12:15 बजे माई ज्योत का विसर्जन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर एक बजे से श्रद्धालुओं के मनोकामना ज्योति कलशों का विसर्जन होगा। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन रात आठ से 9:30 बजे तक विशेष संध्या आरती और पूजन किया जा रहा है। आयोजन में संस्था के पदाधिकारियों, महंत गोविंद दास और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता है।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch