राजनांदगांव : तेज गणना, सटीक जवाब और एकाग्रता का प्रदर्शन करते हुए 350 विद्यार्थियों ने छठी राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता ‘अबेकस चैंपियन लीग 2026’ में अपनी प्रतिभा दिखाई। पिनेकल इंस्टीट्यूट की ओर से 24 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिता में बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, मुंगेली और दल्लीराजहरा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों से विद्यार्थी पहुंचे। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की मानसिक गणना क्षमता और बौद्धिक कौशल को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डा. प्रकाश खुंटे और नीरज बाजपेयी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में भावेश बैद, श्वेता बैद, सीए निकिता कोठारी सुरजन, अर्चित अग्रवाल, वसुधा अग्रवाल, अतिन जैन, रुचि जैन, मयंक जैन, दीपाली जैन, अंकित कांकरिया और अंकिता कांकरिया शामिल रहे।
एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक
अतिथियों ने कहा कि अबेकस जैसी गतिविधियां बच्चों में एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास और तेजी से गणना करने की क्षमता विकसित करती हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, नियमित अभ्यास करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। अभिभावकों की सहभागिता ने भी आयोजन को खास बनाया।
2016 से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था
पिनेकल इंस्टीट्यूट के संचालक अभिषेक शर्मा और तनुश्री शर्मा ने बताया कि संस्था वर्ष 2016 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनकी तार्किक क्षमता, मानसिक गणना, एकाग्रता और आत्मविश्वास बढ़ाना संस्थान का उद्देश्य है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष राज्य स्तरीय अबेकस प्रतियोगिता आयोजित की जाती है, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। संचालकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों, अतिथियों और आयोजन में सहयोग देने वालों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रहेंगे।