October 31, 2026


राजनांदगांव के विचारपुर नवागांव में 33 : 11 के.व्ही. उपकेंद्र का हुआ शुभारंभ 31 गांवों के 4250 उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा ग्रामीण अंचल में विद्युत सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। राजनांदगांव जिले के ग्राम विचारपुर नवागांव में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत नवनिर्मित 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र को राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम के करकमलों द्वारा विधिवत ऊर्जीकृत किया गया। इस नए उपकेंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के 31 गांवों के लगभग 4250 बिजली उपभोक्ताओं को अब बेहतर और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलने लगेगा।

3 करोड़ 28 लाख की लागत से तैयार हुआ मजबूत नेटवर्क

यह महत्वपूर्ण उपकेंद्र 3 करोड़ 28 लाख रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इसमें 3.15 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। विद्युत वितरण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 19 किलोमीटर लंबी 33 के.व्ही. तथा 3 किलोमीटर लंबी 11 के.व्ही. की नई विद्युत लाइन का निर्माण किया गया है। नए उपकेंद्र और विस्तारित नेटवर्क के जुडने से पूरे क्षेत्र में बिजली वितरण व्यवस्था काफी मजबूत हो गई है।

लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग से मिलेगी मुक्ति : मुख्य अभियंता

उपकेंद्र के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने कहा कि पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह एवं प्रबंध संचालक (वितरण) भीमसिंह कंवर के कुशल मार्गदर्शन में जिलेभर में मांग के अनुरूप नए उपकेंद्रों के निर्माण और उनकी क्षमता वृद्धि का कार्य तेजी से चल रहा है।

उन्होंने बताया कि कृषि एवं धान के सीजन में सिंचाई पंपों के चलने से अचानक बिजली की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे समय में इस नए उपकेंद्र के ऊर्जीकरण से किसानों को बेहतर वोल्टेज और भरोसेमंद बिजली मिल सकेगी। इससे ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम के दौरान राजनांदगांव वृत्त के अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता मुकेश कुमार साहू, नुरेन्द्र कुमार साहू, सहायक अभियंता सुशील कोड़ापे, एस.पी. ठाकुर और कुबेरसिंह मरकाम सहित विद्युत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch