राजनांदगांव। बंगाल की खाड़ी के ऊपर उठे चक्रवाती तूफान 'अरनब' के प्रभाव से राजनांदगांव जिले में हुई बेमौसम बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने चक्रवाती तूफान के कारण फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए कृषि, उद्यानिकी और राजस्व विभाग के अधिकारियों को युद्धस्तर पर फसल क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने तीनों विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल दौरा करने और मैदानी अमले के जरिए घर-घर व खेत-खेत पहुंचकर सर्वेक्षण करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि धान सहित अन्य सभी कृषि एवं उद्यानिकी फसलों को हुई संभावित क्षति का वास्तविक आकलन निर्धारित प्रपत्र में तैयार किया जाए।
प्राथमिकता के आधार पर हो सर्वेक्षण : कलेक्टर
कलेक्टर श्री यादव ने सभी तहसीलदारों और संबंधित विभागीय अमले को निर्देशित किया है कि फसल क्षति के इस सर्वेक्षण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रभावित किसानों और उनकी फसलों को हुए नुकसान की सही जानकारी समय पर संकलित कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि नुकसान का पूरा ब्योरा राज्य शासन को समय पर भेजा जा सके। शासन के नियमानुसार प्रभावित किसानों को उचित राहत और सहायता प्रदान करने की दिशा में यह कदम उठाया गया है, जिससे किसानों को इस आपदा से हुई हानि में संबल मिल सके।