राजनांदगांव: आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति हासिल करने का एक और मौका मिला है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसई) 2026-27 के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 अक्टूबर कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर निर्धारित थी। कक्षा आठवीं में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी अब निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने आवेदन स्कूल में जमा कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। मंडल ने आवेदन और परीक्षा से संबंधित संशोधित समय-सारणी जारी की है। विद्यार्थियों को भरा हुआ आवेदन पत्र, प्रवेश पत्र और आवश्यक दस्तावेज स्कूल के प्राचार्य या प्रधान पाठक से सत्यापित कराकर 28 अक्टूबर तक जमा करना होगा। इसके बाद स्कूल प्रमुख आवेदनों की जांच कर उन्हें निर्धारित परीक्षा केंद्र पर 31 अक्टूबर तक जमा करेंगे। बता दें कि परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12 वीं तक हर वर्ष 12 हजार रुपये छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान किया जाएगा।
12 दिसंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा
एनएमएमएसई परीक्षा 12 दिसंबर को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक पहला प्रश्नपत्र होगा, जबकि दूसरी पाली में दोपहर एक बजे से दो बजकर 30 मिनट तक दूसरा प्रश्नपत्र लिया जाएगा। परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। आवेदन की तारीख बढ़ने से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो निर्धारित समय तक आवेदन जमा नहीं कर पाए थे। पात्र विद्यार्थियों को अंतिम तिथि का ध्यान रखते हुए समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
प्रयास आवासीय विद्यालयों में 30 तक लेना होगा प्रवेश
प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा नौंवीं में प्रवेश का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए चतुर्थ काउंसलिंग की चयन सूची जारी कर दी गई है। आवेदनों के आधार पर मेरिट क्रम में तैयार सूची में चयनित विद्यार्थियों को 30 अक्टूबर तक संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में अनिवार्य रूप से प्रवेश लेना होगा। निर्धारित समयसीमा में प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर विद्यार्थियों के लिए परेशानी खड़ी हो सकती है। चतुर्थ काउंसलिंग में प्राप्त आवेदनों के आधार पर तैयार चयन सूची का अवलोकन विभागीय वेबसाइट राॉजथ//ींनचपअच.बय.हैब.ैह पर किया जा सकता है। चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश के समय आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इनमें कक्षा आठवीं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने की अंकसूची, पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र शामिल हैं। प्रवेश की पात्रता होने पर विद्यार्थियों को दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा।