गंडई : ठढार गांव में सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रघुवीर बंजारे (19) निवासी ठढार के रूप में हुई है। वह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था, तभी गांव जाने वाले मार्ग पर हादसे का शिकार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 12:30 बजे ग्रामीणों को हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। वहां रघुवीर सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा था और उसकी मोटरसाइकिल भी पास में गिरी हुई थी। युवक के सिर, हाथ-पैर और पेट में चोटें आई थीं। उसके शरीर से खून निकल रहा था और वह बातचीत करने की स्थिति में नहीं था।
ग्रामीणों ने डायल 112 की सहायता से उसे शासकीय अस्पताल गंडई पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, युवक की मौत मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिरने से सिर में गंभीर चोट लगने और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आने के कारण हुई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है।