October 23, 2026


आनलाइन ठगी के 1.86 लाख के लेन देन में उत्तराखंड और दिल्ली से दो आरोपित गिरफ्तार

कमीशन के बदले बैंक खाते और एटीएम उपलब्ध कराने का आरोप

राजनांदगांव: आनलाइन धोखाधड़ी के जरिए एक लाख 86 हजार 600 रुपये की ठगी के मामले में खैरागढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड और दिल्ली से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपितों ने कथित तौर पर कमीशन के बदले अपने बैंक खाते और एटीएम कार्ड उपलब्ध कराए थे। इन खातों का इस्तेमाल आनलाइन ठगी की रकम के लेन-देन में किया गया। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है।ग्राम कुरुभाट, थाना गातापार निवासी राकेश कुमार भोटे ने 16 अगस्त को आनलाइन धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात आरोपि नों ने विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से कुल 1,86,600 रुपये की राशि धोखाधड़ीपूर्वक निकाल ली। शिकायत के आधार पर थाना खैरागढ़ में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

हल्द्वानी और दिल्ली में दबिश देकर पकड़े आरोपित

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पतासाजी की। इस दौरान उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के दमगड़ा निवासी 27 वर्षीय उज्ज्वल सिंह दानू जो वर्तमान में हल्द्वानी के मानपुर पश्चिम स्थित नैनी बिहार में किराये के मकान में रह रहा था, को 17 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। उसे हल्द्वानी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। इसी तरह दिल्ली के डिफेंस कालोनी थाना क्षेत्र के एंड्रयूज गंज निवासी 27 वर्षीय सतविंदर सिंह को पुलिस ने पतासाजी के बाद 18 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। उसे साकेत कोर्ट स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया।

 बैंक खातों और मोबाइल की जांच जारी

पुलिस ने आरोपितों से संबंधित बैंक खातों, एटीएम कार्ड, पासबुक और मोबाइल फोन सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों के संबंध में कार्रवाई की है। विवेचना में बैंक खातों के जरिए हुए लेन-देन और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। साथ ही, आनलाइन ठगी की रकम किन खातों में पहुंची और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।



Advertisement

Tranding News

Get In Touch