May 22, 2026


कथित साधुओं को पुलिस को सौंपा

राजनांदगांव: शहर की पाश कालोनी सन सिटी एन एक्स में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आर्टिगा कार में सवार दो कथित साधु संदिग्ध गतिविधियां करते हुए कालोनी में घूमते नजर आए। महिलाओं को बहाने से बुलाने और आशीर्वाद देने के नाम पर संपर्क करने की कोशिश के बाद रहवासियों को उन पर शक हुआ। सतर्क नागरिकों की सजगता से दोनों संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। सुबह करीब आठ बजकर 30 मिनट पर उत्तर प्रदेश नंबर की एक आर्टिगा कार सन सिटी एन एक्स कालोनी में दाखिल हुई। कार में सवार दो व्यक्ति साधु के वेश में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबसे पहले उन्होंने जी-37 मकान के सामने इशारा कर महिलाओं को बुलाने का प्रयास किया। इसके बाद वे आगे बढ़े और एच-21 के सामने पहुंचकर वहां मौजूद महिला को मैडमजी, पास आइए, आशीर्वाद देना है कहकर आवाज लगाने लगे। महिला को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सतर्क किया।

देखते ही देखते कालोनी के रहवासी एकत्र हो गए और दोनों व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद दोनों संदिग्ध एच-18 मकान के सामने दिखाई दिए, जहां लोगों ने उन्हें रोक लिया। जांच के दौरान पता चला कि दोनों कथित साधु उत्तर प्रदेश नंबर की कार में घूम रहे थे। रहवासियों ने उनसे पूछताछ की, लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिले। इसके बाद सोसायटी के सजग सदस्यों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। सन सिटी एन एक्स सोसायटी के अध्यक्ष सत्यनारायण डागा ने मामले की औपचारिक शिकायत थाने में दर्ज कराई है। पुलिस फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और उनके शहर में आने के उद्देश्य तथा गतिविधियों की जांच की जा रही है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch