राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ अधिकारी- कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रबंधकारिणी की बैठक दिनांक 1 मई 2026 में लिए गए निर्णय अनुसार विगत में खोखरा, जांजगीर मनका दाई मंदिर के पास आर्या मैरिज गार्डन में द्वितीय आम सभा आयोजित की गई।पेंशनर्स एसोसिएशन के आम सभा के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक श्री व्यास कश्यप जी थे एवं अध्यक्षता पी आर यादव ने किया।मां सरस्वती की वंदना एवं पुष्पांजलि के बाद दीप प्रज्वलित कर आमसभा का शुभारंभ किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की योजना के अंतर्गत जांजगीर में एक सियान- सदन (पेंशनर भवन )निर्माण कराने का प्रयास करेंगे और पेंशनरों की समस्याओं एवं मांगों के लिए विधानसभा से लेकर सड़क तक के संघर्ष में साथ देने की बात कही। वार्षिक आम सभा की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष पी आर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि एक वर्ष के अल्प अवधि में ही पेंशनर्स एसोसिएशन में 1100 से अधिक संरक्षक एवं आजीवन सदस्य बन गए हैं। सामूहिक प्रयास से यह संख्या अगले वर्ष तक दोगुनी करने का आज संकल्प लेकर यहां से जाएं। पेंशनर्स एसोसिएशन अपनी मांगों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए शासन का ध्यान आकर्षित कराने समय-समय पर प्रदर्शन -ज्ञापन आंदोलन की कार्यवाही करेगी। 2025 में भी नीचे उल्लेखित मांगों को लेकर फेडरेशन एवं प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी के साथ मिलकर दो बार प्रदर्शन किया गया एवं पेंशनर्स एसोसिएशन ने सभा सम्मेलनों के माध्यम से राज्य शासन के प्रतिनिधियों एवं प्रशासन को ज्ञापन देकर शासन का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। 17 दिसंबर को पेंशनर दिवस का प्रदेश के सभी जिलों में आयोजन कर वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। इसी तरह 17 अप्रैल को जिलों में आम सभा आयोजित कर पेंशनर्स एसोसिएशन का स्थापना दिवस मनाया गया। श्री यादव ने कहा कि जिन जिलों में पेंशनर्स एसोसिएशन की इकाई नहीं है वहां ग्रीष्म ऋतु के बाद दौरा कर संगठन की इकाइयों का गठन किया जाएगा।
आम सभा के द्वितीय सत्र में पेंशनर्स एसोसिएशन के कार्यकारिणी समिति द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर पदाधिकारीयों एवं सदस्यों ने अपने विचार रखें ।
पेंशनर्स एसोसिएशन गठन के एक वर्ष के अल्प अवधि में उपलब्धियां एवं कार्रवाइयों पर अध्यक्ष एवं महामंत्री ने अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनि मत से स्वीकार किया।
अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष द्वारा वर्ष 25- 26 के आय -व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया जो चार्टर्ड अकाउंटेंट से ऑडिट किया गया है। उपस्थित सदस्यों ने प्रस्तुत आय - व्यय प्रस्ताव को ध्वनि मत से स्वीकृति प्रदान की।
पेंशनर एसोसिएशन में पदाधिकारीयों की आवश्यकताओं एवं समिति के विस्तार हेतु नियमावली में संशोधन की आवश्यकता पर जोर देते हुए सदस्यों ने आमसभा में नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।
नियमावली में वार्षिक आम सभा मई माह में कराने का उल्लेख है, जिसे भीषण गर्मी को देखते हुए संशोधित कर अप्रैल माह में आमसभा कराने का प्रस्ताव पारित किया गया, प्रबंधकारिणी के एक पदाधिकारी द्वारा स्वास्थ्यगत कारणों से दिए गए इस्तीफा को स्वीकार करते हुए उनके स्थान पर अन्य सदस्य को पदाधिकारी नियुक्त किया गया।
पेंशनरों के निम्नांकित मांगों पर भी प्रस्ताव पारित कर शासन को ज्ञापन प्रेषित करने एवं जिला मुख्यालय में प्रदर्शन आंदोलन का निर्णय लिया गया।
पेंशनर्स की प्रमुख मांग है- लंबित 2% महंगाई राहत भत्ता को केंद्र सरकार के पेंशनरों को देय तिथि से दिया जाए, राज्य पुनर्गठन अधिनियम 49 ( 6) का शासन अपनी सुविधा अनुसार व्याख्या करते हुए मध्य प्रदेश शासन से सहमति लेकर महंगाई राहत देने की नियम विरुद्ध परंपरा को समाप्त किया जाए, राज्य के पेंशनरों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की योजना लागू किया जाए, 80 वर्ष की आयु के स्थान पर 70 वर्ष की आयु पर पेंशन में 20% की वृद्धि की जाए, राज्य के पेंशनरों को शासन के तीर्थ यात्रा योजना में शामिल किया जाए, "ना मांग ,ना जांच प्रमाण पत्र" सेवानिवृत्ति के पूर्व जारी किया जाए जिससे पेंशन प्रकरण का समय सीमा में निराकरण हो सके, सेवानिवृत्ति के दिनांक पर पेंशनर्स के सभी स्वत्त्वों का भुगतान किया जाए, पेंशनरों के हित में सुप्रीम कोर्ट एवं छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट द्वारा दिए गए निर्णयों का क्रियान्वयन करते हुए लंबित एरियर्स का भुगतान की कार्यवाही शीघ्र किया जाए आदि मांगों के साथ ही संगठनात्मक निर्णय लिया गया कि सभी जिलों में संगठन का विस्तार किया जाए और अधिक से अधिक पेंशनरों को सदस्यता ग्रहण कराने पर जोर दिया जाए, वर्ष में एक बार संगठन के सदस्यों का देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
छत्तीसगढ़ अधिकारी- कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा को पी आर यादव, प्रदेश अध्यक्ष, उमेश मुदलियार, बिंदेश्वर राम रौतिया महामंत्री, ललित पांडेय प्रांतीय उपाध्यक्ष, जी एस यादव, एम पी आड़े , प्रांतीय सचिव सी एल दूबे, डी एल डहरिया, सुरेश द्विवेदी, विमला चंद्र कुंडू, एवं जिला अध्यक्ष रायपुर पंकज नायक, बिलासपुर राजकुमार मिश्रा, रायगढ़ शेख कलीमुल्ला, बेमेतरा आरके वर्मा, जी पी एम कमाल खान ,कोरबा प्रभात शर्मा ,बलोदा बाजार पवन हिरवानी, महासमुंद एल एन शर्मा ,राजनंदगांव प्रतिनिधि श्री बी0एल0 कडबे, मुंगेली पवित्र सिंह बेदी, आदि ने संबोधित किया।
आमसभा में विशेष रूप से आमंत्रित अतिथि छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन शर्मा, महामंत्री हिमाचल साहू, जांजगीर चंपा अध्यक्ष व्ही एस परिहार थे।
वार्षिक आमसभा का आयोजक जिला जांजगीर चांपा के अध्यक्ष श्री एमपी राठौर, सचिव श्री जी एस उपाध्याय और उनकी कार्यकारिणी का प्रदेश से आए पदाधिकारीयों एवं सदस्यों ने 40 डिग्री से ऊपर टेंपरेचर और बार-बार पावर गोल होने से असुविधा होने के बावजूद अच्छा खान-पान एवं व्यवस्था के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। विशेष रूप से श्री लखनलाल थवाईत जी का आमसभा में प्रस्ताव पारित सभी व्यवस्था एवं सुविधाएं प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया गया।
वार्षिक आम सभा के दोनों सत्रों की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष पीआर यादव ने किया एवं संचालन श्री जी एस उपाध्याय और आभार प्रदर्शन एमपी राठौर ने किया।
खोखरा जांजगीर के आमसभा में रायपुर एवं बिलासपुर से साथियों ने दो ट्रैवलर एयर कंडीशनर बस से पहुंचे थे ,इसी प्रकार सभी जिलों से साथियों ने बड़ी संख्या में अपनी वाहनों से पंहुच कर वार्षिक आमसभा को सफल बनाया और देवी मां मनका दाई का आशीर्वाद लिए। उक्ताशय की जानकारी पेशनर्स एसोसिएशन के संरक्षक श्री आनन्द कुमार श्रीवास्तव ने दी|