May 22, 2026


ढोल-नगाड़ों संग निशान यात्रा के साथ 25 को होगी अमृत महोत्सव की शुरुआत

धार्मिक आयोजन: अधिक मास में पांच दिन भगवान श्याम की भक्ति में लीन रहेगी संस्कारधानी

राजनांदगांव: इस वर्ष जेठ दो महीने का है। अधिक मास के अवसर पर संस्कारधानी पूरी तरह श्याममय होने जा रही है। “अधिकस्य अधिकं फलम्” की भावना के साथ शहर में पहली बार पांच दिवसीय श्याम भक्ति अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 25 से 29 मई तक आयोजित होने वाले इस आयोजन में ढोल-नगाड़ों के साथ निशान यात्रा मुख्य आकर्षण होगी। प्रतिदिन अभिषेक पूजन, श्री श्याम चरित्र कथा, भजन संध्या, अखंड संकीर्तन एवं नौ कुंडीय श्री श्याम महायज्ञ जैसे आयोजन होंगे। आयोजन स्थल श्री खाटू धाम गायत्री विद्या पीठ परिसर को आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। महोत्सव की शुरुआत 25 मई को शाम पांच बजे गायत्री मंदिर प्रांगण से सूरजगढ़ निशान यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा दासी श्याम कुटीर, रामाधीन मार्ग तक निकलेगी। यात्रा में ढोल-नगाड़ों, जयकारों, भजनों और निशानों के साथ हजारों श्याम भक्त शामिल होंगे।

इस अवसर पर सूरजगढ़ दरबार से श्याम भक्त हजारी लाल इंदौरिया अपनी टीम के साथ शामिल होंगे। साथ ही श्री खाटू श्याम मंदिर राजस्थान के निज पुजारी सेवक परिवार से मानवेंद्र सिंह चौहान “काना भैया” महाराज का आगमन भी भक्तों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। दूसरे दिन 26 मई की सुबह नौ से 10:30 बजे तक लड्डू गोपाल एवं युगल सरकार का संगीतमय अभिषेक पूजन होगा। सात ब्राह्मणों एवं आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह अनुष्ठान कराया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार 26 से 28 मई तक प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक कथावाचक अर्पित शर्मा होंगे। श्री श्याम चरित्र कथा का आयोजन होगा। इसके पश्चात रात्रि आठ बजे से भजन संध्या होगी, जिसमें देशभर से आए प्रसिद्ध भजन गायक बाबा श्री खाटू श्याम को रिझाएंगे। भजन संध्या में वृंदावन से ब्रज रसिक पारस लाड़ला, खाटू श्याम से योगेश शर्मा, नई दिल्ली से मयूर रस्तोगी, नागपुर से पंकज उपाध्याय, गणेश शर्मा एवं आकाश यादव अपनी मधुर प्रस्तुतियां देंगे। विशेष रूप से 27 मई एकादशी की रात्रि भजन संध्या भक्तों के लिए अत्यंत आकर्षण का केंद्र रहेगी। महोत्सव का समापन 29 मई को प्रातः अभिषेक पूजन एवं शाम 4:30 बजे से नौ कुंडीय श्री श्याम महायज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ होगा। इसके बाद कथा विराम एवं रात्रि आठ बजे से श्याम रसोई महाप्रसादी (भंडारा) का आयोजन किया जाएगा।

नंदकिशोर शर्मा (बंदू नैया) के आशीर्वाद से आयोजित इस महोत्सव में देशभर से श्याम भक्तों के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन राजनांदगांव के धार्मिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने वाला साबित होगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री खाटू श्याम लखदातार सेवा परिवार के सदस्य पूरे उत्साह और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजन व्यवस्था में प्रमुख रूप से अमित खंडेलवाल, अमित शर्मा, राजू डागा, संजय तेजवानी, चंद्रिका प्रसाद सिन्हा, अभिषेक खंडेलवाल, सुषमा सिंह, टीना खंडेलवाल, ममता अवस्थी, निधि बाचपेयी, अर्चना दास, लता बंसोड़, रागिनी शर्मा, कीर्ति अग्रवाल एवं पिंकी खंडेलवाल विशेष योगदान दे रहे हैं। आयोजकों ने श्याम प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ एवं पुण्य अर्जित करने की अपील की है।


Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch