June 07, 2026


फरारी काटने रायपुर पहुंचा था इनामी अपराधी, स्टील कंपनी में नौकरी करते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ा

रायपुर : रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त करते हुए बिहार राज्य के जिला जहानाबाद के गंभीर आपराधिक प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे एवं 25,000 रूपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सहयोग प्रदान किया गया है।थाना महिला थाना, जिला जहानाबाद (बिहार) में अपराध क्रमांक 35/2019 के तहत धारा 457, 341, 323, 307, 379, 504, 376(डी), 427, 34 भादवि. एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत गंभीर अपराध पंजीबद्ध है। उक्त प्रकरण में आरोपी अजय यादव पिता स्वर्गीय श्री राम यादव, निवासी ग्राम गोछिया, थाना परसबिगहा, जिला जहानाबाद (बिहार) घटना कारित करने के पश्चात फरार हो गया था तथा लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था।

आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु पुलिस महानिरीक्षक मगध क्षेत्र गया द्वारा उसके विरुद्ध 25,000/- (पच्चीस हजार रुपये) के नगद पुरस्कार की घोषणा की गई थी। विभिन्न स्तरों पर लगातार की जा रही पतासाजी एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान आरोपी की उपस्थिति जिला रायपुर (छत्तीसगढ़) में होने संबंधी महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई।

सूचना प्राप्त होने पर जहानाबाद पुलिस की विशेष टीम रायपुर पहुंची तथा पुलिस चौकी सिलतरा, थाना धरसीवां, जिला रायपुर ग्रामीण से संपर्क स्थापित कर आरोपी की गिरफ्तारी हेतु सहयोग का अनुरोध किया गया। इसके पश्चात चौकी प्रभारी सिलतरा उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर के नेतृत्व में रायपुर ग्रामीण पुलिस एवं जहानाबाद पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई।

संयुक्त पुलिस टीम द्वारा आरोपी के संबंध में विस्तृत जानकारी एकत्रित करते हुए विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार पतासाजी की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी सिलतरा क्षेत्र स्थित एक निजी स्टील कंपनी में कार्यरत है तथा अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर रह रहा है। प्राप्त सूचनाओं का सत्यापन कर पुलिस टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही करते हुए आरोपी अजय यादव को सिलतरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी उपरांत आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण की गई तथा उसे विधिवत जहानाबाद पुलिस के सुपुर्द किया गया। इसके पश्चात जहानाबाद पुलिस आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया हेतु जिला जहानाबाद (बिहार) लेकर रवाना हुई।

उल्लेखनीय है कि गंभीर अपराध के इस फरार एवं इनामी आरोपी की गिरफ्तारी में रायपुर ग्रामीण पुलिस एवं जहानाबाद पुलिस के मध्य उत्कृष्ट समन्वय, त्वरित सूचना संकलन तथा प्रभावी कार्यवाही का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

ज्ञातव्य हो कि सिलतरा क्षेत्र रायपुर ग्रामीण का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में लघु, मध्यम एवं वृहद उद्योग संचालित हैं। इन उद्योगों में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए हुए हजारों कर्मचारी एवं श्रमिक कार्यरत हैं। क्षेत्र की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर सभी उद्योगों एवं संस्थानों को निर्देशित किया जाता रहा है कि उनके यहां कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी, श्रमिक एवं अन्य कार्मिकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए, जिससे किसी भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति की पहचान कर समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

वर्तमान प्रकरण की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से सिलतरा स्थित एक निजी स्टील कंपनी में कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में यह भी पाया गया कि संबंधित कंपनी प्रबंधन द्वारा अपने कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन संबंधी निर्देशों का पूर्णतः पालन नहीं किया गया, जिसके कारण गंभीर आपराधिक प्रकरण में फरार एवं इनामी आरोपी स्थानीय स्तर पर अपनी पहचान छिपाकर कार्य करता रहा।

उक्त लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी संचालक एवं प्रबंधन को नोटिस जारी किया जा रहा है तथा नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। साथ ही क्षेत्र के समस्त औद्योगिक प्रतिष्ठानों को पुनः निर्देशित किया जा रहा है कि वे अपने यहां कार्यरत सभी कर्मचारियों का समयबद्ध पुलिस सत्यापन कराना सुनिश्चित करें। निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

सराहनीय भूमिका

उक्त कार्यवाही में पुलिस चौकी सिलतरा से -

उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर (चौकी प्रभारी)

परिवीक्षाधीन उपनिरीक्षक किशन लाल

सहायक उपनिरीक्षक रमेश शर्मा

आरक्षक राजकुमार चौबे

आरक्षक अर्जुन कुर्रे

जहानाबाद पुलिस (बिहार) से -

उपनिरीक्षक सुरूचि शर्मा

सहायक उपनिरीक्षक धनंजय कुमार

आरक्षक श्रीराम साहू

आरक्षक बंशी कुमार

आरक्षक मिन्टू कुमार

महिला आरक्षक कोमल कुमारी


Advertisement

Tranding News

Get In Touch