October 27, 2026


आधी रात बंटी अमृत खीर हजारों को मिली प्रसाद

लोक कलामंच नाचा की मनमोहक प्रस्तुति से दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

राजनांदगांव: शरद पूर्णिमा पर बर्फानी आश्रम परिसर में स्वांस, दमा व अस्थमा पीड़ितों को जड़ी बुटीयुक्त खीर प्रसाद बांटा गया। आधी रात को हजारों लोगों को अमृत रूपी खीर प्रसादी दी गई। इस अवसर पर लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोक कलामंच वनांचल क्षेत्र चौकी के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया।

संस्था के सचिव गणेश प्रसाद शर्मा ने बताया कि बर्फानी आश्रम स्थित मां पाताल भैरवी राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दश महाविद्या द्वादश ज्योर्तिलिंग शिव शक्ति सिद्धपीठ में संस्था द्वारा जनकल्याण के तहत स्वांस, दमा व अस्थमा पीड़ितों को पिछले 29 वर्षों से दुर्लभ जड़ी बुटियां एकत्रित कर पौराणिक मान्यताओं अनुसार जड़ी बुटी युक्त खीर प्रसादी तैयार कर स्वांस, दमा व अस्थमा पीड़ितों को ब्रम्हमुहूर्त में वितरित की जाती है। इस वर्ष भी रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि में विशेष योग व शुभ मुहूर्त के चलते शरद पूर्णिमा पर्व मनाया गया। इस अवसर पर खीर प्रसाद तैयार करवाया गया था। जिसे शरद पूर्णिमा की रात्रि 16 कलाओं से युक्त चंद्रमा की चंद्रकला से प्राप्त होने वाली अमृतरूपी बुंदों से प्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं को प्रात: ब्रम्ह मुहुर्त पर मां पाताल भैरवी सहित बर्फानी दादा की पूजन आरती पश्चात संस्था के अध्यक्ष राजेश मारू की देखरेख में निश्शुल्क वितरित की गई जो सूर्योदय पश्चात तक चलता रहा।

अंचल सहित पड़ोसी राज्यों से भी आए थे पीड़ित

इस बार भी छत्तीसगढ़ सहित पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, बंगाल, उड़ीसा, राजस्थान, उत्तरप्रदेश सहित देश के अन्य हिस्सों से भी पीड़ित जड़ी-बुटीयुक्त प्रसाद ग्रहण करने संध्या से ही पहुंचने लग गए थे। इसके लिए संस्था ने व्यापक पैमाने पर तैयारी की थी। । संध्या से ही हलवाइयों द्वारा खीर प्रसाद तैयार करना प्रारंभ कर दिया गया था। जिसे मध्य रात्रि के पूर्व खुले आसमान के नीचे रखा गया और ब्रम्हमुहूर्त पर माता की आरती उतारकर प्रसाद अर्पित कर पीड़ितों को वितरित करने का क्रम प्रारंभ हुआ। संस्था द्वारा 30 हजार से भी अधिक स्वांस, दमा व अस्थमा पीड़ितों को जडी बुटी युक्त खीर प्रसाद का वितरण किया गया।

लोक कलामंच नाचा ने बांधा समां

लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने की दृष्टिकोण से इस वर्ष भी मनोरंजन के भरपूर रहने वाली एवं कर्मा, ददरिया, सुआ, पंथी के साथ ही हास्य व्यंग्य के प्रहसन प्रस्तुत करने वाली छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोककला मंच वनांचल क्षेत्र चौकी की नाचा गम्मत मंडली ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर रात भर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करते रहे। आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व नगर निगम से भी सहयोग प्राप्त हुआ। पुलिस विभाग के द्वारा रात्रि भर सुरक्षा की दृष्टिकोण से विशेष दल लगाकर आयोजन स्थल व मार्ग पर विशेष निगरानी भी रखी गई थी एवं खीर वितरण की स्थल पर महिला एवं पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाकर उपस्थित जनसमुदाय को व्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch