May 04, 2026


भाजपा का सुशासन दिवस मनाना हास्यास्पद : भागवत साहू

मूलभूत सुविधाओं के लिये तरस रही जनता कांग्रेस की वापसी चाह रही

राजनांदगांव 1 मई :- जिला कांग्रेस ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष भागवत साहू ने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा मनाए जा रहे सुशासन दिवस को ढकोसला और हास्यास्पद करार देते हुए कहा है कि प्रदेश की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है जबकि सरकार जश्न मनाने में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में जनता परेशान और निराश है जिसके चलते अब लोग कांग्रेस सरकार की वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

श्री साहू ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। गांवों से लेकर शहरों तक लोग परेशान हैं लेकिन सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सुशासन दिवस जैसे आयोजन कर अपनी पीठ थपथपा रही है। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में सुशासन होता तो किसानों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता युवाओं को रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ता और गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। श्री साहू ने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। भाजपा की मनमानी, वादाखिलाफी और जनविरोधी नीतियों से लोग अब ऊब चुके हैं। प्रदेश में माहौल तेजी से बदल रहा है और आमजन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को याद कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई थी और आम जनता को राहत पहुंचाने वाली योजनाएं संचालित की गई थीं। इसी कारण आज प्रदेश की जनता फिर से कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। श्री साहू ने कहा कि आने वाले समय में जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी और प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनने का रास्ता साफ करेगी।


Advertisement

Tranding News

Get In Touch