दंतेवाड़ा : कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने सोमवार दंतेवाड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत फुलनार में आयोजित बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर) अभियान शिविर का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने चिन्हित 31 हितग्राही मूलक योजनाओं के माध्यम से पात्र सभी ग्रामीणों को लाभान्वित कर शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिविरों में आधार पंजीयन से वंचित ग्रामीणों का अनिवार्य रूप से पंजीयन कराया जाए, ताकि उन्हें राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार मान्यता पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सॉइल हेल्थ कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविरों में आधार ऑपरेटरों सहित सभी विभागों के मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य हो, जिससे ग्रामीणों के छोटे-छोटे कार्य मौके पर ही पूर्ण किए जा सकें। कलेक्टर ने शिविर के दौरान गाँव में बुनियादी सुविधाओं जैसे पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, सड़क, स्कूल एवं आंगनवाड़ी भवनों की स्थिति की भी जानकारी ली।