October 28, 2026


सूर्यघर योजना में बैंक की देरी पर कलेक्टर नाराज

राज्योत्सव की तैयारी समय पर पूरी करने के निर्देश, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की निगरानी और एचपीवी टीकाकरण में तेजी लाने कहा

राजनांदगांव : प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के आवेदनों के निराकरण में बैंकों की देरी पर कलेक्टर जितेंद्र यादव ने नाराजगी जताई है। जिले में योजना के तहत अब तक 15,653 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 7,744 हितग्राही लाभान्वित हो चुके हैं। कलेक्टर ने शेष पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ दिलाने के लिए बैंकों और संबंधित विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।

कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने दो नवंबर को होने वाले जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारियां समय पर पूरी करने तथा विभागीय स्टाल के माध्यम से केंद्र और राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने कहा। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, जनदर्शन, पीजीएन और पीजी पोर्टल के लंबित आवेदनों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों में समय पर जवाब प्रस्तुत करने, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण कार्यों के ठेकेदारों का लंबित भुगतान शीघ्र करने को कहा।

 गर्भवती महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर जोर

कलेक्टर ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, सोनोग्राफी, उपचार और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोबाइल के माध्यम से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करने कहा। जिले में अब तक 8,499 किशोरी बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया जा चुका है। कलेक्टर ने स्कूलवार रोस्टर तैयार कर टीकाकरण अभियान में तेजी लाने और लक्षित बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



Related Post

Advertisement

Tranding News

Get In Touch