राजनांदगांव: माय भारत राजनांदगांव द्वारा शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में नशा मुक्त युवा विषय पर युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया गया जागरूक, नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। अतिथियों ने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त और स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ ही स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय की प्राचार्य डा. निर्मला उमरे, समाज कल्याण विभाग की उप संचालक वैशाली मराड़वार, विषय विशेषज्ञ एनटीपीसी की जिला सलाहकार डा. नीहारिका टोप्पो एवं समाज सेविका गीता साहू उपस्थित थी।
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों ने युवाओं को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने नशे की लत से बचाव, व्यसन से मुक्ति तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक उपायों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। साथ ही युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहने और परिवार एवं समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। पड़ोस युवा संसद में युवाओं ने नशामुक्ति के संबंध में अपने विचार एवं सुझाव साझा किए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।