राजनांदगांव : मतदाता सूची से नाम काटे जाने की शिकायतों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा और चुनाव आयोग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के प्रभारी और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए जाने की शिकायतों की जांच होनी चाहिए।
पत्रकारवार्ता के दौरान ठाकुर ने राहुल गांधी की ओर से चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों का उल्लेख किया। उन्होंने महाराष्ट्र और बेंगलुरु के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची से जुड़ी कथित गड़बड़ियों के कांग्रेस के दावों का हवाला देते हुए पारदर्शी जांच की मांग की। ठाकुर ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया का विवरण सार्वजनिक होना चाहिए, ताकि पात्र नागरिकों के मतदान का अधिकार सुरक्षित रहे। एसआइआर के दौरान किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से हटता है, तो नियमानुसार सुधार किया जाना चाहिए।
पत्रकारवार्ता के बाद सतनाम भवन में शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटियों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें अभियान की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई। ठाकुर ने एक नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली में अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया। बैठक में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर, ग्रामीण प्रभारी कुंवर निषाद, शहर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार और ग्रामीण अध्यक्ष विपिन यादव सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।