राजनांदगांव :- प्रार्थी रुस्तम यादव पिता हृदयलाल यादव द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 24.04.2026 को उसके द्वारा अपने मवेशियों को चरने के लिए छोड़ा गया था, जिनमें से 02 गाय एवं 01 भैंस वापस नहीं आए। संदेह के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया, जिसमें आरोपीगण जंगलपुर स्थित आरुगविला के पास से मवेशियों को ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं बाबत रिपोर्ट दर्ज कराया गया था।
उक्त रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 177/2026 धारा 303, 3(5) bns का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। मामले में पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना लालबाग पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 03 गाय एवं 01 भैंस को बरामद किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 70,000/- रुपये है। साथ ही घटना में प्रयुक्त 01 मोटरसाइकिल कीमती 20,000 एवं नगदी बिक्री रकम 6000/- रूपये जुमला 96,000/- रूपये की संपत्ति जब्त की गई। घटना में संलिप्त 05 आरोपियों को मामले में विधिवत आज दिनांक 01/05/2026 को गिरफ्तारी किया गया है, आरोपी तामेश्वर यादव एवं समीर यादव के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है तथा आगे की विवेचना जारी है।
उक्त कार्यवाही में थाना लालबाग के थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक अश्वनी यदु, प्रधान आरक्षक प्रभात तिवारी आरक्षक संतोष श्रीवास्तव एवं लेखराम वर्मा का सराहनीय योगदान रहा है।