दंतेवाड़ा: शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय दंतेवाड़ा की महिला वॉलीबॉल टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे वर्ष सेक्टर स्तरीय खिताब अपने नाम कर लिया है।
उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में 23 एवं 24 अक्टूबर को आयोजित सेक्टर स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दंतेवाड़ा की बेटियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, आपसी तालमेल और अनुशासन का परिचय देते हुए जिले का गौरव बढ़ाया।
सेमीफाइनल में दंतेवाड़ा महाविद्यालय ने काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जगदलपुर को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में क्रीड़ा अधिकारी डॉ. भारती रजक के नेतृत्व में दंतेवाड़ा की टीम ने यूटीडी बस्तर को सीधे सेटों में पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की आसमती को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की भूमिका को सर्वश्रेष्ठ स्मैशर चुना गया। विजेता टीम में आसमती, भूमिका, किरण, संजना, देवेश्वरी, करीना, कश्मीरा, हरिता और लक्ष्मी ने अहम भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के.एम. प्रसाद सहित समस्त स्टाफ ने विजेता टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।