दंतेवाड़ा: जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मडामी ने आज विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर तेंदूपत्ता फड़ों का निरीक्षण किया तथा संग्राहकों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहण कार्य की प्रगति, व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ग्रामीणों की जरूरतों माँगो को गंभीरता से सुना।
“हरा सोना” के रूप में प्रसिद्ध तेंदूपत्ता की खरीदी प्रारंभ होते ही वनांचल क्षेत्रों में उत्साह और खुशहाली का माहौल देखने को मिल रहा है। शासन द्वारा प्रति मानक बोरा 5500 रुपये की दर से संग्राहकों को भुगतान किया जा रहा है, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष मडामी ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में शासन द्वारा अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। संग्राहकों को बीमा सुरक्षा कवर प्रदान किया जाता है, साथ ही “चरण पादुका” जैसी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि छात्राओं को शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रोत्साहन राशि देकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि तेंदूपत्ता से होने वाली आय के साथ-साथ शासन की अन्य योजनाओं का लाभ लेना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
दौरे के दौरान संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि संग्रहण कार्य में पारदर्शिता, समयबद्ध भुगतान एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि संग्राहकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष भीमा कवासी, धुर्वा कुंजाम (जिला भाजपा कार्यकारी सदस्य), बलवीर कोर्राम (जिला भाजपा NGO प्रकोष्ठ सदस्य), सरपंच ग्राम पंचायत गोंगपाल श्रीमती बिमला देवचंद कुंजाम, सरपंच ग्राम पंचायत हडमामुंडा श्रीमती सुक्की आंदा मंडावी, मंडल महामंत्री एवं मंडल मंत्री सुनील बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।